बिहार में एक 15 साल की किशोरी के साथ दो किशोर भाइयों ने घर में घुसकर जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया है। घटना के समय पीड़िता के माता-पिता उसे अकेले घर पर छोड़कर अपने गांव में खेतों से धान की कटी फसल को समेटने गए हुए थे। जब वह घर पहुंचे तो पीड़िता ने घटना की जानकारी दी। इस मामले में लड़की की मां ने महिला थाना में अरियरी थाना क्षेत्र के तेलडीह गांव के रहने वाले दो किशोर भाइयों को नामजद अभियुक्त बनाया गया।
मकान मालिक की बेटी के साथ करता था छेड़खानी
इस संबंध में महिला थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी ने बताया कि इस मामले के दोनों आरोपी किशोर आपस में चचेरे भाई हैं। कुछ माह पहले घटना में शामिल एक किशोर पीड़िता के घर में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करता था। घर में किराए पर रहने के दौरान भी किशोर पीड़िता के साथ छेड़खानी किया करता था। इस बात की शिकायत किशोरी ने अपने माता-पिता से की थी। आरोपी के द्वारा छेड़खानी करने की शिकायत मिलने पर परिवार वालों ने किशोर को अपने घर से हटा दिया था।
आरोप लगाकर मकान से निकालने से थे नाराज
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शहर के एक कोचिंग में पढ़ने के लिए जाने के दौरान भी आरोपी किशोर उसके साथ रास्ते में छेड़खानी किया करता था। छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। परिजनों ने बताया कि घटना के समय पीड़िता के माता-पिता उसे अकेले घर पर छोड़कर अपने गांव में खेतों से धान की कटी फसल को समेटने गए हुए थे। बच्ची घर में अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर दोनों आरोपी किशोर घर में बीती रात्रि घुसे और जबरन उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किशोर को पकड़ कर जमुई बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी किशोर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।