मृतक धर्मवीर का प्रोफाइल फोटो और अस्पताल पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बेतिया में ट्रक ने बराती से भरे चारपहिया गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई है। इस घटना में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना मनुआपुल थाना क्षेत्र के नवलपुर-मनुआपुल मुख्य मार्ग स्थित बाबू टोला गुरवलिया की है। मृतकों की पहचान गोला घाट डुमरी के वार्ड 7 के निवासी प्रकाश यादव (65), जनार्दन यादव (55), धर्मनाथ यादव (18) के रूप में हुई है। इस घटना में दूल्हा के भाई राजनंदन, सोनू कुमार, किनू कुमार, जीजा सुनील कुमार, चाचा जोगिंदर महतो और रामदेव महतो घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
तीन लोगों की घटनास्थल पर मौत
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि योगापट्टी गोला घाट से बरात पूर्वी चंपारण के पलनवा थाना क्षेत्र के गढ़वा भोगाडी गांव में गई थी। दीनानाथ महतो के छोटे बेटे रूपेश कुमार की शादी थी। उस शादी समारोह वापस लौटने के दौरान एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
इस घटना में घायल छह लोगों का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेतिया के नवलपुर रोड के गुरवलिया में बोलेरो और ट्रक के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने घटना में घायल लोगों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को दुख के इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।