यात्री को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर एक यात्री अचानक जमीं पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उधर दौड़ पड़े। लोगों ने बताया कि यात्री को हार्ट अटैक हुआ है। यात्री की पहचान मधुबनी जिला के फुलपरास के निवासी संजय कुमार मिश्रा के रूप में की है। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आननफानन में रेलवे पुलिस को बुलाया। रेलवे पुलिस संजय कुमार मिश्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज जा रहा था यात्री
रेल पुलिस के आरक्षी संतोष कुमार झा के द्वारा सूचना दी गई कि एक यात्री संजय कुमार मिश्रा अपने परिजन के साथ गाड़ी संख्या 13211 से मुजफ्फरपुर जंक्शन आये और मुजफ्फरपुर जंक्शन से नरकटियागंज जाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 2 से होकर न्यू एफओबी पर चढ़कर आगे प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर आने के क्रम पर अचानक चक्कर आने के कारण गिर गये है।उनके अचानक गिरते देख आसपास के यात्री उधर दौड़ पड़े। लोगों ने इस घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस वहां पहुंची और तुरंत रेलवे के डॉक्टर को सूचित किया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद भेजे गये अस्पताल
मौके पर तैनात प्रधान आरक्षी संतोष कुमार झा एवं आरक्षी राजू कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित यात्री को सीपीआर देते हुए होश में लाया। प्राथमिक उपचार होने के बाद संजय कुमार मिश्रा को सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि इनको हार्ट अटैक हुआ है। रेल पुलिस के आरक्षी संतोष कुमार झा ने बताया कि संजय कुमार मिश्रा ने साधारण श्रेणी का मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज का टिकट है। फिलहाल यात्री की स्थिति ठीक बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।