मधुबनी में एक भयानक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कलुआई थाना क्षेत्र के ठाहर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर तेज रफ्तार से जा रही पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप वैन का चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रोड में चार पहिया वाहन चालक प्रशासन की ओर से तय की गई स्पीड लिमिट से अधिक रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं। हादसे का यह प्रमुख कारण है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर, उसे कड़ी सजा दिलावाए। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।