वंदे भारत ट्रायल ट्रेन के अंदर की तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
टाटा से पटना के लिए चलने वाली वंदे भारत ट्रायल ट्रेन पर मंगलवार को गया में पत्थरबाजी हुई है। इस घटना में इस ट्रेन के एक कोच के खिड़की के शीशे टूट गए हैं। घटना हालांकि धनबाद रेल मंडल अंतर्गत बंधुआ-टनकुप्पा स्टेशन के बीच हुई है।
गया आ रही थी ट्रेन
रेलवे के एक अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताय कि मंगलवार को टाटा से चलकर गोमो (नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन) होते हुए गया की तरफ आ रही थी। इसी बीच बंधुआ और टनकुप्पा स्टेशन के बीच किमी संख्या 455 के पास कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी, जिसमें इंजन से सटे दूसरे कोच के सीट नंबर 4 की खिड़की के कांच टूट गए। बताया गया कि जिस कोच के खिड़की के शीशे टूटे हैं, उसका नंबर 24159 है। इस घटना के बाद धनबाद रेल मंडल के कोडरमा आरपीएफ पोस्ट अंतर्गत पहाड़पुर आउटपोस्ट से दल बल के साथ पदाधिकारी और जवानों को इसकी जांच के लिए भेजा गया।
जांच में जुटी रेल पुलिस
इस संबंध में आरपीएफ का कहना है कि ट्रायल ट्रेन टाटा-पटना-टाटा अप वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर बंधुआ टनकुप्पा स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 455 के आसपास अज्ञात व्यक्तियों ने पत्थर मारे जाने की घटना हुई है। बताया गया है कि उपनिरीक्षक आनंद आलोक रेल सुरक्षा बल पोस्ट गोमो साथ स्टाफ़ ट्रायल टाटा-पटना-टाटा अप वन्दे भारत एक्सप्रेस में गोमो से गया तक के लिए मार्गरक्षण ड्यूटी में तैनात थे। मार्गरक्षण के दौरान समय क़रीब 11:10 बजे बंधुआ टनकुप्पा स्टेशन के मध्य किलोमीटर संख्या 455 के आसपास उक्त ट्रेन पर पूर्व दिशा से अज्ञात व्यक्ति के द्वारा पत्थर मारा गया। जिससे उक्त ट्रेन का कोच MC 3-4 के विंडो का आउटर ग्लास ब्रेक हो गया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पत्थर चलाने वाले व्यक्ति की खोजबीन की जा रही है। बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।