Murder Case : कई दिनों से लोग पानी से भरे गड्ढे में एक बोरा को तैरते हुए देख रहे थे। यह सामान्य सी बात थी। लेकिन लोग उस समय चौंक गये जब उस बोरे को कुत्ता पानी से बाहर की ओर खिंचने लगा। जब पुलिस ने बोरे की जांच की तो हर कोई देखता ही रह गया।
खगड़िया में पानी से भरे एक गड्ढे से पुलिस ने बोरे में बंद एक युवती का नरकंकाल बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह ऑनर किलिंग का मामला है और शव को टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाया गया था। मामला मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र के आलमबाजार नयागांव सड़क मार्ग पर स्थित बहरखाल बहियार की है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ किसान अपने खेत में फसल देखने गए थे। इसी दौरान उन्हें पानी से भरे गड्ढे में एक बोरा तैरता हुआ दिखा। चौंकाने वाली बात यह थी कि एक कुत्ता उस बोरे से हड्डियों को निकालकर नोच-नोच कर खा रहा था। किसानों ने तत्काल इसकी सूचना मड़ैया थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मड़ैया थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को बाहर निकलवाया। बोरा खोलने पर उसमें से सिर्फ हड्डियों के टुकड़े ही निकले। शव के साथ मिले लंबे बालों से उसकी पहचान युवती के रूप में हुई, क्योंकि बाल नष्ट नहीं हुए थे। पुलिस का मानना है कि शव को गड्ढे में फेंकने से पहले शव को कई टुकड़ों में काटा गया था। इन टुकड़ों को साड़ी में लपेटकर और लगभग 20 ईंटें बांधकर डुबोया गया था। शव को जल्दी गलाने के लिए चूना भी डाला गया था। देखने से प्रतीत होता है कि घटना लगभग एक महीने पहले की है। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि बोरा लगभग एक सप्ताह से दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई। गोगरी एसडीपीओ रमेश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की. वहीं एसएफएल की टीम ने मौके से सभी नरकंकाल को अपने कब्जे में ले लिया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। मड़ैया थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को लापता व्यक्तियों से संबंधित मामलों की जानकारी देने के लिए सूचित किया है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके।