Bihar : बेटे के भविष्य की बात थी। पिता जी बिहार पुलिस सेवा में पदस्थापित हैं। मां भी नौकरी तक पहुँच गयी थी, लेकिन बेटे के भविष्य को लेकर उन्होंने नौकरी नहीं की। आज बेटे ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर उनके बलिदान को साकार कर दिया।
मुजफ्फरपुर के लाल सिद्धार्थ कृष्ण ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा को पास कर लिया है। उन्हें परीक्षा में 680वां रैंक मिला है। बेटे की सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल है। सिद्धार्थ कृष्णा के पिता बिहार पुलिस सेवा में सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में प्रोमोशन को लेकर के डीएसपी के पद पर बेगूसराय जिले में पदस्थापित हैं।
सिद्धार्थ कृष्ण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरु और साथ में पढ़ाई करने वाले साथियों को दिया है। उन्होंने कहा कि देश के सबसे कठिन परीक्षा में पास करना सफलता और सच्ची लगन के द्वार को खोल देती है। सिद्धार्थ ने बताया कि शुरुआती दौर में सिविल सर्विस की प्रीलिम्स एग्जामिनेशन को पास करना भी मेरे लिए मुश्किल था। बहुत कम समय में अधिक सवालों को सॉल्व करना एक अलग तरह का एक्सपीरियंस का होता है। मेरी पढ़ाई-लिखाई को लेकर मेरी मां हमेशा ही मेरा ख्याल रखती थी। जब भी पढ़ाई के दौरान मेरी तबीयत खराब होती थी, तो मां मेरा हौसला बढ़ाती थी और मेरा ख्याल रखती थी। मां ने मुझे मेरी मंजिल तक पहुंचाने के लिए अपनी नौकरी भी छोड़ दी। आज ये परिवार का सपना पूरा हो गया। हम आगे और भी बेहतर करेंगे।
सिद्धार्थ की मां मृदुल यादव कहती हैं कि बच्चे जब सफलता को प्राप्त करते हैं, तो सबसे ज्यादा खुशी माता-पिता को ही होती है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ कृष्णा पर हमें शुरू से भरोसा था कि वह अपनी मेहनत की बदौलत सफल होगा और आज सिद्धार्थ ने जो सफलता पाई है उस पर हम पूरे परिवार वालों में खुशी है। सिद्धार्थ बचपन से बहुत मेहनती रहा है और आज हम लोगों का सपना पूरा कर दिया है।