तीनों दोस्त एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उदाकिशुनगंज में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात सड़क हादसे में तीन युवक की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान बराही आनंदपुरा नेमुआ वार्ड आठ निवासी हरदेव यादव के बेटे मोहन कुमार (22) कुंवर यादव के बेटे अवधेश कुमार (20) उरेन यादव के बेटे अमरेश कुमार (21) के रूप में हुई। घटना उदाकिशुनगंज पेट्रोल पंप के समीप की है।
विज्ञापन
ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
बताया गया कि अवधेश कुमार आलमनगर में अपने ननिहाल में था। बुधवार की शाम अपने दोनों दोस्त मोहन और अमरेश कुमार को बुलाया। रात करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में दो युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल युवक ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
बराही आनंदपुरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. सद्दाम ने बताया कि दो युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक को लोगों ने उदाकिशुनगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे JNKT मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उसने दम तोड़ दिया। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।