पेट्रोल लेकर एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता और उसकी मां
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
बलात्कार पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो वह अपनी मां के साथ पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने एसपी कार्यालय पहुंच गई। मामला पूर्णिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय का है। घटना पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहां एक बलात्कार के अभियुक्तों के द्वारा लगातार पीड़िता के परिवार को केस उठाने की धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं केस नहीं उठाने पर वे लोग पीड़िता और उनके परिजनों के साथ मारपीट भी करते हैं। इसी बात की शिकायत करने पीड़िता और उसकी मां न्याय की आस को लेकर 18 किलोमीटर दूर से चलकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, लेकिन पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा से मिले बिना ही उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा।
पीड़िता ने आरोपी के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर भी लगाये गंभीर आरोप
इस संबंध में बलात्कार पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी लड़की के साथ बलात्कार के मामले में जलालगढ़ थाना कांड संख्या 167/23 और स्पेशल पोक्सो नं. 59/24 में अभियुक्तों के द्वारा लगातार दबाव और धमकी मिल रही है। अभियुक्त मो. शाहिद, मो. असफाक, हलीम, बीबी शहनाज, बीबी नुकतीमा, बीबी नुकीमा, बीबी तहजीबा और नोसीना खातून ने पीड़िता के परिवार को केस हटाने के लिए लगातार दवाब बना रहे हैं। साथ ही धमकी भी दे रहे हैं। उनका आरोप है कि उनके साथ मारपीट भी की जाती है। पीड़िता का आरोप है कि अभियुक्त मो. शाहिद थाना में बैठता है और पुलिस दरोगा को खरीदने का दावा करता है। वह पीड़िता के परिवार को धमकी देता है कि वह उन्हें जान से मार देगा। उन्होने कहा कि जलालगढ़ में कई बार धमकी को लेकर आवेदन भी दिए लेकिन थाना के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप यह भी है कि जलालगढ़ थाना भी आरोपी से मिले हुए हैं।
पीड़िता ने आत्मदाह करने की दी धमकी
पीड़िता की मां ने कहा मैं और मेरा परिवार खतरे में हैं। हमें न्याय चाहिए। अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सजा दिलाई जाए। अगर पुलिस अधीक्षक से इंसाफ नहीं मिला, तो मैं और मेरी बेटी पुलिस कार्यालय में ही आग लगाकर जान दे देंगे। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक से मिलने के लिए गए लेकिन एसपी के गार्ड ने बाहर में ही रोक लिया । साथ ही स्थानीय थाना में जानें के लिए कहा है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में जलालगढ़ थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि जलालगढ़ थाना कांड संख्या 167/23 और स्पेशल पोक्सो नं. 59/24 में फरार अभियुक्तों के घर न्यायालय के आदेश पर कुर्की जब्ती की कर्रवाई की गई है। मामले में काऊंटर केस भी है। धमकी को लेकर पीड़िता के द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।