बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार निकल रही धूप ने मौसम में गरमाहट ला दी थी। ठंड लगभग चली गई थी। लोग अपने रजाई और कंबल पैक कर चुके थे। लेकिन, पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे बर्फबारी और बारिश का असर बिहार के कई जिलों पर हुआ। पटना, गोपालगंज, सारण, भोजपुर, वैशाली समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है। शनिवार अहले सुबह से इन इलाकों में रुक-रुक बारिश हो रही है। इस कारण ठंड बढ़ गई है।
इन नौ जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के नौ जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पटना, भोजपुर सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि इन इलाकों में अगले एक से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट आयी है।
मौसम विभाग की यह अपील जरूर पढ़ें
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर के पहाड़ी इलाकों में बारिश व बर्फबारी का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत में पहुंच रही भारी नमी है। इसके असर के बिहार के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं।बारिश और वज्रापत को लेकर मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें। वहीं मौसम विभाग ने लोगों से अपील कि है कि खराब मौसम के दौरान अपने पशुधन और खुद को बाहर निकलने से बचें। मेघगर्जन के दौरान पेड़-पौधे के नीचे शरण न लें। बारिश के समय सुरक्षित स्थान पर जाकर बैठ जाएं।