Liquor Ban in Bihar : सारण, सीवान, गोपालगंज के बाद अब दरभंगा में जहरीली शराब पीने से एक अधेड़ की मौत हो गई। हालांकि पुलिस दलील दे रही है कि मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है, जबकि मृतक के परिजन कह रहे हैं कि मौत जहरीली शराब पीने से हुई है।
दरभंगा में जहरीली शराब पीने से एक अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मौत जहरीली शराब पीने से हुई है। पुलिस पर यह भी आरोप है कि पुलिस ने जबरन जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने का रिपोर्ट बनाकर पोस्टमार्टम करवाया है। मामला सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अतरबेल तारा टोल की है। मृतक की पहचान स्वर्गीय गुर्जर सहनी के पुत्र छोटे सहनी (66) के रूप में की गई।
विज्ञापन
पहले गई आंखों की रौशनी
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि रविवार को दोपहर के बाद लगभग तीन बजे छोटे सहनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मुंह से लार निकलने लगा और आंखों से दिखाई देना बंद हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने से घर के लोग परेशान हो गये और आननफानन में उन्हें सिंहवाड़ा पीएचसी में भर्ती कराया, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने छोटे सहनी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें डीएमसीएच इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।
खेत से शराब पीकर आये थे घर
परिजनों का कहना है कि रविवार को बुजुर्ग छोटे सहनी खेत से शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचे थे। उनका शरीर लड़खड़ा रहा था। उन्होंने बताया कि घर आते ही मृतक ने सीने में जलन की शिकायत की। फिर कुछ ही देर में जब आंख से दिखना बंद हो गया तो हमलोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि छोटे सहनी आदतन शराबी थे और इसे पूरा गांव जानता है। फिर भी पुलिस नहीं मान रही हैं और जहरीला पदार्थ खाने से मौत बताकर पल्ला झाड़ रही है।
विज्ञापन
परिजन ने कहा शराब पीने से हुई मौत, पुलिस ने जबरन जहरीला पदार्थ का सेवन लिखवाया
सोमवार को डीएमसीएच पोस्टमार्टम विभाग के पास मृतक छोटे सहनी के परिजन रोते-बिलखते दिखे। रोते हुए परिजनों ने पुलिस पर जबरन बयान दर्ज कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतक के दामाद रामबाबू सहनी का कहना है कि मेरे ससुर की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, लेकिन पुलिस जहरीला पदार्थ सेवन बता कर मामला दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस पर दबाव डालकर बयान लेने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
एसपी ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने तक करना होगा इंतजार
इस संबंध में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच स्थानीय थाना की पुलिस ने की है। प्रथम दृष्टया किसी कीटनाशक दवा खाने के बाद तबियत बिगड़ने की बात सामने आई है। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।