छपरा शहर में भगवान बाजार थाना क्षेत्र के पुरानी चिराई घर के समीप छपरा मंडल कारा के कक्षपाल अनुज कुमार को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। गोली मारने वाले आरोपी को सारण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसको लेकर सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव मंगला के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की, जिसमें एसपी ने बताया है कि 31 जुलाई को पुरानी चिराई घर रेलवे स्टेशन रोड साईं मंदिर के पास अज्ञात अपराधियों के द्वारा छपरा मंडल कारा के कक्षपाल अनुज कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया गया था।
मामले को लेकर एसआईटी का गठन किया गया था। गठित एसआईटी द्वारा तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन कर लिया गया है और इस मामले में संलिप्त अपराधी जो हाल ही में जेल से बाहर आया था, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधी भगवान बाजार थाना क्षेत्र के गुदरी ढाला नंबर 50 निवासी राणालाल यादव का पुत्र विशाल राय बताया गया है। विशाल राय के पास से देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।
जेल में कक्षपाल ने कैदियों को लगाई थी फटकार
एसपी ने बताया कि छपरा मंडल कारा में बंद कैदी काली सिंह, विशाल राय, शिवा सिंह और कृष्णा राय जेल वार्ड में दूसरे कैदियों से झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान जेल कक्षपाल अनुज कुमार द्वारा इन लोगों को रोका गया और फटकार लगाई गई। इसी बात को लेकर काली सिंह, शिवा सिंह, विशाल राय और कृष्णा राय ने योजना बनाई थी कि जेल से निकलकर कक्षपाल अनुज कुमार की हत्या कर दी जाएगी। इसी योजना के तहत जेल से छूटे विशाल राय ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अनुज कुमार को गोली मारी थी।
बता दें कि गोली लगने के बाद कक्षपाल अनुज कुमार करीब 200 मीटर दूर दौड़ते हुए अपने आवास पहुंचे। वहां अपने सहकर्मी को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उनके सहकर्मी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया, जहां पर उनका इलाज जारी रहा। छपरा मंडल कारा में काली सिंह के पास से मंडल कर अधीक्षक द्वारा इस घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल जब्त कर भगवान बाजार थाना में कांड दर्ज कराया गया है। एसपी ने बताया कि जेल में बंद काली सिंह, कृष्णा राय और शिवा सिंह को रिमांड पर लिया जाएगा। इस घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बैंक लूट की फिराक में थे
गिरफ्तार अपराधी विशाल राय ने सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के उत्तर ग्रामीण बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक को लूटने की भी योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार अपराधी विशाल राय के खिलाफ सारण जिले के अलग-अलग थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। विशाल राय के खिलाफ लूट, हत्या चोरी, सरकारी कार्य में बाधा, ऑर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराध के मामले में केस दर्ज हैं। वहीं, विचाराधीन कैदी शिवा सिंह के खिलाफ भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आठ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रूपेश उर्फ काली सिंह के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।