विस्तार के साथ फेरबदल भी पक्का माना जा रहा
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार ही होना था, लेकिन अब फेरबदल की भी गुंजाइश सामने आ चुकी है। रविवार को सिर्फ तेजस्वी आवास में ही हलचल नहीं थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अचानक संसदीय कार्य और वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी के घर पहुंचना भी चौंकाने वाली घटना है। कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ फेरबदल में चौधरी की अहम भूमिका होगी। संतोष सुमन ने भी नीतीश की जगह मंत्रिमंडल छोड़ने के पहले चौधरी से मुलाकात की थी और पिछले दिनों अपने विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक को लेकर राजद कोटे से प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर ने भी अपना दुखड़ा इन्हें जाकर सुनाया था। चौधरी मुख्यमंत्री के आसपास रहते हैं और जो लोग सीएम से सीधे नहीं बोल पाते, वह इनके जरिए बात पहुंचाना चाहते हैं। माना जा रहा है कि दो मंत्रियों ने मातहत अधिकारियों की मनमानी से तंग आकर विभाग बदलने की मांग रखी है, जिसपर मुख्यमंत्री को फैसला लेना है। इधर तेजस्वी से कांग्रेस नेताओं की मुलाकात के बाद कोटा संशोधित होता है या नहीं, यह फैसला होगा। इन दोनों फैसलों पर नीतीश-लालू की मुहर के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की घोषणा होगी।