पटना मेट्रो के लिए काम जारी, निर्माणाधीन सुरंग में हादसा
- फोटो : पीटीआई / अमर उजाला
रात ढाई बजे तक तीन लोगों की मौत
पटना मेट्रो के किसी निर्माणाधीन स्थल पर यह अब तक का सबसे बड़ा हादसा है। मौत पहले भी हो चुकी है, लेकिन टनल में काम के दौरान तकनीकी खामी के कारण इस तरह का हादसा पहले नहीं हुआ था। मजदूर समेत लोको पायलट रात आठ बजे से सुबह आठ बजे की शिफ्ट में रोज की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले लोको का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित हुआ हाइड्रोलिक लोको एक जगह पर जाकर रुका तो मजदूरों में अफरातफरी मच गई। ओडिशा निवासी लोको पायलट का शरीर टुकड़े में बंटा देख चीख-पुकार मच गई। घायल होने से बचे मजदूरों ने ही अपने साथियों को टनल से बाहर निकाला। छह मजदूर अस्पताल ले जाए गए। पटना मेट्रो के आधिकारिक बयान के अनुसार रात ढाई बजे तक दो की मौत हुई है, जबकि पांच का अस्पताल में इलाज चल रहा है।