अपराधियों की मनमानी पर पुलिस को घेरते निर्दलीय सांसद पप्पू यादव।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पहुंचे- बोला परिवार से बलि कब तक?
हाई प्रोफाइल घटना होने के बाद पटना के उद्योगपतियों और व्यवसायियों की भीड़ धीरे-धीरे जुटती गई। अस्पताल के बाद शव को घर लाया गया, लेकिन देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इस बीच पुलिस के पहले, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव घटनास्थल पर पहुंच चुके थे। पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने सवाल किया कि "आखिर यह परिवार कब तक बलि देता रहेगा? बीते 20 दिसंबर 2018 को हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में इन्हीं गोपाल खेमका के बेटे की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। थाने से महज 300 मीटर दूर यह पॉश इलाका है और कई आला अधिकारियों का भी घर बेहद पास में है। ऐसे में सरेआम अपराधी आते हैं और एक उद्योगपति को गोली मारकर आराम से चले जाते हैं! यह बिहार में क्या हो रहा है? बिहार की पुलिस क्या कर रही है? और बिहार के अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ कैसे गया है?"
परिजन बोले- इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं, घर घुसकर मार रहे
मौके पर मौजूद उद्योगपति गोपाल खेमका के परिवार वालों ने गुस्सा जताते हुए कहा कि बिहार पुलिस की कार्यशैली यह सोचने पर मजबूर कर देती है कि आज हम कितने सुरक्षित हैं। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद लगभग डेढ़ से दो घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची। परिवार वालों ने बिहार सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है, अपराधियों का मनोबल अब इतना बढ़ गया है कि वे घर पर चढ़कर हत्याएं कर रहे हैं।
पुलिस बोली- सिर के पास गोली मारी गई, सीसीटीवी फुटेज जांच रहे हैं
सिटी एसपी मध्य दीक्षा ने बताया कि सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंचे हैं और आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने में पुलिस जुटी है। उन्होंने बताया कि उद्योगपति गोपाल खेमका के सिर के बिल्कुल पास से गोली मारी गई है, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है और अपराधी किसी भी हालत में बच नहीं पाएंगे।