फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election 2024 : पीएम मोदी बोले- कर्नाटक की तरह देश से ओबीसी का हक छीन मुसलमानों को देगी कांग्रेस, फिर SC-ST का

Fri, 26 Apr 2024 02:48 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अररिया

सार

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार के मुस्लिम बहुल सीमांचल के कुछ हिस्सों में मतदान हो रहा है। सीमांचल के ही एक जिले अररिया में पीएम माेदी ने जनसभा में साफ कहा कि कांग्रेस ओबीसी का हक मुसलमानों को देने की साजिश रच रही।
विज्ञापन
अररिया में पीएम मोदी ने कही बड़ी बात। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में मुस्लिम बहुल सीमांचल-कोसी की तीन सीटों किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार के साथ पांच लोकसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को मतदान हो रहा था। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमांचल के ही अररिया जिले में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस संबोधन में उन्होंने कांग्रेस की तुष्टिकरण पर प्रहार करते हुए कर्नाटक के वाकये को जनता के सामने लाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में चुपके से अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण पर हकमारी के लिए इसमें मुसलमानों को शामिल करा दिया और अब वह पूरे देश में इसे लागू करना चाहती है। वह इसके बाद अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति की भी ऐसी हकमारी करेगी। कांग्रेस मूलत: देश में धर्म आधारित आरक्षण लागू करना चाहती है।

विज्ञापन



कर्नाटक का वाकया बताया, राजद पर भी हमला बोला
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में धर्म आधारित आरक्षण लागू करना चाहती है। कर्नाटक में कांग्रेस ने ओबीसी समाज के 27 प्रतिशत कोटे को चोरी करने का खेल खेला है। इनके कोटे से आरक्षण काटकर पर्दे के पीछे खेल खेला है। ओबीसी समाज के आंखों में धूल झोंककर रातों-रात मुस्लिम समाज के अमीरों को भी ओबीसी बना दिया। परिणाम यह हुआ कि ओबीसी समाज का बहुत बड़ा हक मुस्लिमों के खाते में चला गया। उनके साथ बहुत बड़ा खेल खेला है। बिहार में भी कांग्रेस यही खेल खेलना चाहती है।  बिहार में लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल इस साजिश में उसके साथ है। राजद उसका समर्थन कर रहा। राजद ने इसके खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोला है। 

वह देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का बताते हैं
पीएम मोदी ने कहा कि बिहारवासियों से मैं पूछना चाहता हूं कि क्या आप ओबीसी के हक को लूटने देंगे? इनकी नजर ओबीसी के हक पर है। आने वाले समय में कांग्रेस और राजद इसी तरह से एससी-एसटी के हक को छीनने का काम करेगी। तुष्टिकरण के दलदल में कांग्रेस और राजद इतनी धंस गई है कि यह लोग बाबा साहेब के संविधान की परवाह नहीं कर रहे हैं। डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में कांग्रेस ने ओबीसी कोटे पर डाका डालकर धर्म के आधार आरक्षण देने की कोशिश की थी। उस वक्त कोर्ट ने रोक लिया। पीएम मोदी ने कहा कि आज पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का एक और पुराना वीडियो सामने आया, जिसमें वह कह रहे कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है।
विज्ञापन


मीडिया से भी प्रधानमंत्री मोदी ने की अपील- वह वीडियो दिखाएं
यह वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस वालों को सांप सूंघ गया है। जाे मीडिया पहले के बयानों को गलत ठहरा रही थी, उसने भी चुप्पी साध ली है। बिना सबूत के विपक्षी दल हमारी सरकार पर हमला कर रहे थे। आज फिर से वीडियो सामने आ गया है। मीडिया से अपील है कि वह देश को डॉ. मनमोहन सिंह का यह वीडियो दिखाए। देश को जानने का हक है कि उन लोगों ने किस मानसिकता से 10 साल तक सरकार चलाई थी।

पीएम मोदी बोले- किसी भी धर्म के हों, गरीबों का हक ज्यादा है
पीएम मोदी ने कहा कि इस देश के संसाधनों पर अगर पहला हक किसी का है, तो वह मेरे देश के गरीबों, मजदूरों, किसानों और माताओं-बहनों का है। वह किसी भी जाति-धर्म के हों, अगर वह गरीब हैं तो देश के संसाधनों पर पहला हक उनका है। कांग्रेस ने देश के हिंदुओं के साथ भेदभाव किया। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है। यह लोग संविधान बदलना चाहते हैं। राजद और कांग्रेस का कहना है कि देश के संसाधनों पर पहला हक उनके वोटबैंक के खास लोगों का है। कांग्रेस आपके मंगलसूत्र तक एक्स-रे और गहने तक हिसाब-किताब करने की बात करते हैं। आपकी बची हुई संपत्ति को छीनकर अपने वोट बैंक को देने की कोशिश कर रही है। आप चाहते हैं कि आपके जाने के बाद आपकी संपत्ति आपके बच्चों के काम आए, लेकिन इंडी गठबंधन वाले कहते हैं कि आपके गुजर जाने के बाद आपकी संपत्ति पर 55 प्रतिशत टैक्स लगाएगी। इसलिए पूरा देश कह रहा है कि कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। साथियों आप इंडी गठबंधन को रोक सकते हैं। इसलिए सात मई को कमल के फूल और तीर चुनाव चिह्न पर भारी मतदान होना चाहिए। पीएम मोदी अररिया से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सिंह और सुपौल से जदयू के प्रत्याशी दिलेश्वर कामत के लिए वोट मांगने आए थे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें