राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव। फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बैठक चल रही है। संभवना है कि आज ही बिहार में सीट बंटवारे का एलान भी हो जाए। लेकिन, इससे पहले पहले चरण की चार सीट (औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई) पर राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। इन चार में एक भी सीट कांग्रेस के खाते में नहीं गई। औरंगाबाद सीट पर कांग्रेस के वरीय नेता निखिल कुमार ने अपना दावा ठोक दिया था। लेकिन, इसके बावजूद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार की पार्टी छोड़कर आए अभय कुशवाहा को सिंबल दे दिया। आज अभय कुशवाहा ने औरंगाबाद सीट से अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया।
महागठबंधन परिवार का तहे दिल से धन्यवाद
औरंगाबाद लोकसभा सीट से नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद अभय कुशवाहा ने कहा कि मैं महागठबंधन के पूरे परिवार का तहे दिल से धन्यवाद देता हूं। जिस तरह से सभी लोगों ने मुझपर विश्वास जताया है, मैं उस विश्वास पर खड़ा उतरने की कोशिश कर रहा हूं। जनता ने मुझे आशीर्वाद दिया है।
कुमार सर्वजीत बोले- जनता को शुक्रिया अदा करता हूं
गया लोकसभा सीट से नामांकन पर्चा दाखिल करने के बाद कुमार सर्वजीत ने कहा कि गया के तमाम जाति-धर्मों को, जनता को शुक्रिया अदा करता हूं कि मैं उनके आशीर्वाद से राजद प्रत्याशी बना हूं। मुझे विश्वास है कि गया की जनता मुझी अपना आशीष जरूर देगी।
जमुई से अर्चना और नवादा से श्रवण कुमार ने किया नामांकन
जमुई से अर्चना रविदास को राजद ने सिंबल दिया था। वहीं नवादा से श्रवण कुमार को सिंबल दिया गया था। दोनों ने नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। इस दौरान राजद समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी।