फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JP Nadda Bihar Visit LIVE: पटना में जेपी नड्डा के सामने सीएम नीतीश कुमार बोले- दो बार गलती हुई, उधर चले गए हम

Fri, 06 Sep 2024 08:20 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

Bihar News : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा बिहार दौरे पर हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें पटना, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा आदि को बड़ी सौगातें देने के लिए भेजा है। वह भाजपा अध्यक्ष के रूप में बैठक भी करेंगे।
विज्ञापन
जेपी नड्डा पहुंचे पटना। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:09 PM, 06-Sep-2024
जेपी नड्डा को सम्मानित करते गया के डीएम। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

बिहार के लोगों ने ऐसा सोचा नहीं था 
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पहले लोगों ने फोर लेन सड़क नहीं देखि होगी, पहले सड़क ट्रक के नीचे और सड़क उपर हुआ करती थी, लेकिन आज आज फोर लेन, सिक्स लेन पर गाड़ी सरपट दौड़ रही है, ऐसा कभी बिहार के लोगों ने सोचा नहीं था। बिहार के सीवान, झंझारपुर, बक्सर, जमुई समेत विभिन्न जिलों में 250 करोड़ की लागत से मेडिकल कालेज खोला जा रहा है। कभी लोगों ने सोचा नही था कि बिहार में स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई क्रान्ति आएगी, यह सोच देश के पीएम नरेंद्र मोदी की है। जेपी नड्डा ने कहा कि गया का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल दिल्ली के तर्ज पर है। अब दिल्ली को गया में ला दिया गया है। बिहार के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024-25 में 60 हजार करोड़ रुपए विकास के लिए दिए हैं।

07:58 PM, 06-Sep-2024
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

जेपी नड्डा ने राजद पर साधा निशाना, कहा-  ....नहीं तो मुरेठा वाले आ जाएंगे
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास का पिटारा खुल रहा है। विकास के क्षेत्र में बिहार लंबी छलांग लगा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर देश और बिहार में विकास देखना चाहते हैं तो इस मंच पर बैठे लोग बदलना नहीं चाहिए, नहीं तो मुरेठा वाले आ जाएंगे। क्या आप चाहते हैं कि फिर से विकास की गति खत्म हो जाए।

07:16 PM, 06-Sep-2024
जेपी नड्डा पहुंचे गया।  - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

केन्द्रीय मंत्री सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे गया 
केन्द्रीय मंत्री सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गया पहुंचे, जहां उन्होंने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डे भी मौजूद थे। 

विज्ञापन
06:39 PM, 06-Sep-2024

अन्य स्वीकृत मेडिकल कॉलेज भी बनकर हो जाएंगे शुरू 
सुपौल के राघोपुर रेफरल अस्पताल बनने पर स्थानीय विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव ने कहा कि इस अस्पताल में भवन की बहुत कमी थी। जिसके लिए यहां के प्रभारी ने कई बार बताया। उसके बाद मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के सहयोग से आज अस्पताल भवन बना है। हमारी सरकार शुरुआत से ही स्वास्थ्य विभाग के बेहतरी के लिए काम कर रही है। पहले बिहार में चार मेडिकल कॉलेज थे और अभी 12 चालू है। इसके अतिरिक्त भी मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुए हैं, जो बहुत जल्द बनकर चालू हो जाएंगे।

05:54 PM, 06-Sep-2024

सुपौल में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बने नवनिर्मित 50 बेड के अस्पताल भवन का उद्घाटन
सुपौल के राघोपुर रेफरल अस्पताल में साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बने नवनिर्मित 50 बेड के अस्पताल भवन का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल भवन के ऊपरी तल पर दवा भंडार कक्ष का भी उद्घाटन किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय  सहित अन्य मंत्रियों ने पटना से वीडियो कान्फ्रेंसिंग से किया। इधर, जिलाधिकारी कौशल कुमार और पिपरा विधायक रामविलास कामत भी इस कार्यक्रम में वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जुड़े। राघोपुर में उद्घाटन के बाद दोपहर करीब 2:55 बजे निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव द्वारा रेफरल अस्पताल पहुंचकर नवनिर्मित भवन पर लगे शिलापट्ट का अनावरण फीता काटकर किया गया।

विज्ञापन
05:01 PM, 06-Sep-2024

मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार जेपी नडडा ने ऑनलाइन किया उद्घाटन
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के कबीरा पंचायत स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कबिराधाप का बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार जेपी नडडा ने ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस दौरान राजद विधायक यूसुफ सलाउद्दीन व प्रखंड प्रमुख सरिता संगम एवं चिकित्सक प्रेम शंकर ने संयुक्त रूप से कबिराधाप स्तिथ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलापट्ट का विधिवत लोकार्पण किया।

03:44 PM, 06-Sep-2024

भागलपुर पहुंचे जेपी नड्डा, खूब हुआ स्वागत 
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा आईजीआईएमएस पटना के समारोह से निकलने के बाद भागलपुर पहुंच गये हैं। पटना एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर के जरिए भागलपुर पहुंचें। भागलपुर एयरपोर्ट के हेलीपैड से निकलने के बाद वह मायागंज स्थित जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाएंगे। जेपी नड्डा के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी हैं। 

02:49 PM, 06-Sep-2024

भागलपुर पहुंच रहे हैं जेपी नड्डा 
जे पी नड्डा भागलपुर के तिलकामांझी में बने 200 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह मॉडल अस्पताल, नारायणपुर पीएचसी, बिहपुर पीएचसी भवन, खरिक सीएचसी अस्पताल के भवन की सौगात भी देंगे। कुछ ही देर में वह वहां पहुंचने वाले हैं। 

01:50 PM, 06-Sep-2024

भागलपुर रवाना हो रहे जेपी नड्डा, जानें वहां क्या है
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा आईजीआईएमएस पटना के समारोह से निकलने के बाद भागलपुर रवाना हो रहे हैं। पटना एयरपोर्ट से वह हेलीकॉप्टर के जरिए भागलपुर पहुंचेंगे। भागलपुर एयरपोर्ट के हेलीपैड से निकलने के बाद वह मायागंज स्थित जवाहर लाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाएंगे। 

01:25 PM, 06-Sep-2024

जेपी नड्डा ने बतया- पीएम मोदी दरभंगा आएंगे
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आने को आतुर हैं। वह दरभंगा में एम्स का जल्द से जल्द शिलान्यास करना चाहते हैं ताकि मिथिलांचल समेत पूरे बिहार के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों की प्रशंसा के साथ अपनी बात खत्म की।

01:17 PM, 06-Sep-2024

नड्डा ने अमावस्या और पूर्णिमा का अंतर समझाया
जेपी नड्डा ने कहा कि 1990 से 2005 और 2005 से अब तक की यात्रा कैसी रही? आपको अमावस्या और पूर्णिमा का फर्क पता चल जाएगा। पीएमसीएच की कहानी आपको मालूम होगी। 1980 और 1990 के दशक में पीएमसीएच की क्या हालत थी, यह आप जानते हैं। जब नीतीश कुमार आए तो पीएमसीएच की हालत सुधारी। आज पीएमसीएच 5462 बेड का दुनिया का दूसरा बड़ा अस्पताल बन रहा है।

01:05 PM, 06-Sep-2024

2017 से बदल गई स्वास्थ्य की परिभाषा
इस इंस्टीट्यूट के इतिहास काे खंगालेंगे तो पता चलेगा कि शुरुआत से 2005 तक आईजीआईएमएस का क्या हालत था और 2005 के बाद अब तक इस अस्पताल ने विकास की कैसी छलांग लगाई है। आप जब इसके विकास पर ध्यान देंगे तो एनडीए सरकार के मील का पत्थर देंगे। पहले स्वास्थ्य का मतलब होता था कि मरीज बीमार हो तो उसका इलाज करो। अब स्वास्थ्य का मतलब है कि मरीज को बीमार ही नहीं होने देना। स्वास्थ्य विभाग जन्म से लेकर 16 साल तक आपको 26 इंजेक्शन लगाता है, ताकि आप स्वस्थ रह सकें। प्रिवेंटिव मेडिसीन से प्रोमोटिव हेल्थकेयर पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लगातार काम कर रही है। जेपी नड्डा ने कहा कि आईजीआईएमएस बिहार की ही बल्कि ओडिसा, बंगाल और नेपाल की सेवा कर रहा है। इस इंस्टीट्यूट में 11 मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर बना है। वर्ल्ड क्लास इलाज की सुविधा इस नेत्र अस्पताल में है। जेपी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने पटना एम्स के लिए जमीन उपलब्ध करवाई। कल मैं उस जमीन को देखने जाऊंगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा की जमीन थोड़ी नीची है और बिहार सरकार ने इसकी भराई की जिम्मेदारी भी उठाई है। हम इसे और ऊंचा करते हुए बनाएंगे।

01:02 PM, 06-Sep-2024

जेपी नड्डा ने आईजीआईएमएस के संयोग की चर्चा की
मैं अपना यह सौभाग्य मानता हूं कि आईजीआईएमएस आया हूं। यहां पर क्षेत्रीय चक्षु संस्थान के उद्घाटन का सौभाग्य मिला। एक बहुत ही संयोग की बात है कि जब पिछली बार स्वास्थ्य मंत्री था तो अंतिम शिलान्यास 2019 में यहीं किया था। सीएम नीतीश कुमार की उपस्थिति में शिलान्यास किया था और इस बार स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहला उद्घाटन भी इसी आईजीआईएमएस में कर रहा हूं। 

01:00 PM, 06-Sep-2024

खड़े क्यों हो, आगे आकर स्वागत करो नड्डा जी का : नीतीश
नीतीश कुमार लंबे समय के बाद किसी मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के लिए जनता से अपील की कि वह उनका स्वागत करें। पटना में जन्म लेने वाले नड्डा के कामों की तारीफ करते हुए नीतीश ने भीड़ की ओर आवाज लगाते हुए हाथों से इशारा करते हुए कहा- अरे, खड़े क्यों हो? आगे आकर स्वागत करो नड्डा जी का।
 

12:55 PM, 06-Sep-2024

सीएम नीतीश बोले- पटना एम्स सुंदर बन गया, अब दरभंगा की बारी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे प्रयास से पटना में एम्स बनाया गया। अब यह काफी सुंदर और सुविधाजनक हो गया है। इसके बाद हमने दरभंगा के लिए एम्स मांगा था। इसमें कुछ-कुछ होता रहा, लेकिन अब काम हो रहा है। अब तेजी से काम होगा। केंद्र सरकार ने इसकी अनुमति दे दी है। दरभंगा में जो जगह एम्स के लिए चुना गया है, उससे दरभंगा का बहुत विस्तार होगा। सड़क चौड़ीकरण कराएंगे। बहुत सुविधा होगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से कहा कि आए हुए हैं तो एक बार देख लीजिएगा कि कितनी अच्छी जगह दिए हैं। अब तेजी से काम होगा। उन्होंने जेपी नड्डा के इस दौरे के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने जेपी नड्डा से पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि आपका जन्म पटना में ही हुआ है। जब इच्छा करे, बिहार आते रहिए।

12:44 PM, 06-Sep-2024

महागठबंधन के बारे में बोले- हमसे गलती हुई, दो बार उधर चले गए
सीएम ने कहा कि 2005 से पहले स्वास्थ्य की हालात खराब थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रति माह 39 मरीज आते थे। हमलोग आए तो अस्पताल में मुफ्त दवा की व्यवस्था करवाई गई। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 हजार से ज्यादा मरीज आते हैं। अब बताइए पहले क्या करते थे वो लोग? हमसे गलती हुई कि हम दो बार उधर चले गए। आप बताइए, कोई काम किया है क्या वह लोग! 1990 से 2005 तक क्या हाल था? हमलोग अब बिहार के सभी अस्पताल में बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने की कोशिश कर रहे हैं। पीएमसीएच के लिए काम करवा रहे हैं। हमलोग (भाजपा-जदयू) जब साथ रहे, तभी काम किए। उन लोगों के साथ दो बार गए थे, गलती हुई। 

12:42 PM, 06-Sep-2024

सीएम नीतीश कुमार बोले- 2005 में आए तो देखा काम नहीं हो रहा, अब बदल दिया सब
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आज आईजीआईएमएस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा जी का मैं हार्दिक अभिनंदन करता हूं। आईजीआईएमएस की स्थापना 1984 में हुई थी। शुरू में काम हुआ, लेकिन बाद में व्यवस्था काफी खराब हो गई। 2005 में हमलोग आए तो देखा कि यहां काम नहीं हो रहा है। इसके बाद बड़ी संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति की गई। किडनी, हार्ट, कैंसर के इलाज की बेहतर व्यवस्था करवाई गई। बिहार के बाहर लोगों को इलाज के लिए नहीं जाना पड़े, इसके लिए लगातार राज्य सरकार काम कर रही है। अब आंखों के क्षेत्रीय संस्थान का उद्घाटन किया गया है। आईजीआईएमएस में जांच और दवा के लिए पैसे लगते थे। अब हमलोगो ने इसे मुफ्त करवा दिया। अस्पताल में बेड की संख्या भी बढ़ाया गया है।

12:06 PM, 06-Sep-2024

IGIMS पहुंचकर करेंगे 188 करोड़ के प्रोजेक्ट का उद्घाटन-शिलान्यास
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुछ देर में इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचेंगे। यहां वह 188 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित क्षेत्रीय चक्षु संस्थान एवं स्वास्थ्य विभाग अन्तर्गत 850 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन  व शिलान्यास समारोह में भाग लेंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा के अलावा जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी व राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल भी मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इन योजनाओं के बारे में बताएंगे।

11:57 AM, 06-Sep-2024
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले जेपी नड्डा 
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पटना आने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान बिहार भाजपा कोटे के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा व सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, चिकित्सा एवं कृषित मंत्री मंगल पांडेय भी मौजूद थे। तय कार्यक्रम के तहत पटना एयरपोर्ट से स्टेट गेस्ट हाउस में जुटते हुए इन नेताओं को सीएम नीतीश कुमार से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास जाना था। अब कुछ देर में यह सभी इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के लिए रवाना होंगे।
 

11:43 AM, 06-Sep-2024
एयरपोर्ट पर जेपी नड्डा का उपमुख्यमंत्री ने किया स्वागत। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

जेपी नड्डा का पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं और अन्य नेताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। पटना एयरपोर्ट से जेपी नड्डा सीधे गेस्ट हाउस पहुंचे। गेस्ट हाउस से वह थोड़ी देर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पहुंच कर उनसे मुलाक़ात करेंगे। जेपी नड्डा के बिहार में दो दिवसीय दौरा के दौरान पांच अस्पतालों का उद्घाटन करेंगे।

10:46 AM, 06-Sep-2024

JP Nadda Bihar Visit LIVE: पटना में जेपी नड्डा के सामने सीएम नीतीश कुमार बोले- दो बार गलती हुई, उधर चले गए हम

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिन के लिए बिहार के दौरा पर रहेंगे। वह सबसे पहले भागलपुर और फिर गया जाएंगे। वह भागलपुर के तिलकामांझी में बने 200 करोड़ के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह मॉडल अस्पताल, नारायणपुर पीएचसी, बिहपुर पीएचसी भवन, खरिक सीएचसी अस्पताल के भवन की सौगात भी देंगे। भागलपुर से निकलने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गया के लिए निकलेंगे, जहां अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल कैंपस में 192 करोड़ की लागत से बने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।






 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें