Bihar : विधान सभा चुनाव के होने में कुछ महीने और बाकी हैं, इसलिए इसको लेकर चुनावी माहौल बनाया जा रहा है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक फोटो और कुछ पंक्तियों के द्वारा एनडीए और जदयू के डबल इंजन की सरकार पर कटाक्ष किया है, जिस पर हंगामा होना तय है।
राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पीएम नरेन्द्र मोदी पर पोस्टर के द्वारा हमला किया है। लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए बिहार में 20 साल से चल रही एनडीए और जदयू की डबल इंजन सरकार पर जोरदार हमला किया है।
तस्वीर पर लिखा है -बिहार का बंटाधार है, यहां जबतक डबल इंजन सरकार है। तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री की तस्वीर है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह कहते दिख रहे हैं कि आप इंजन (कुर्सी) संभालो डिब्बा (जनता) जाने दो। वहीं दूसरी तरफ ट्रेन के अलग-अलग बोगियों में विकास, तरक्की, सुरक्षित समाज की बोगियां नदी में गिर गई हैं, जबकि अंतिम बोगी सम्मान का है जो गिरने के कगार पर है। यह सारी बातें तस्वीर के सहारे सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।
"लालू प्रसाद यादव ने तस्वीर के साथ लिखा है -बेलगाम अपराधी,मदमस्त अफसरशाही और बेहोश सरकार। रिकॉर्ड तोड़ मंहगाई, गरीबी, बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार।
बिहार का बंटाधार करने वाली यह है 20 वर्षों की एनडीए सरकार। लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर ऐसा लिखकर सीधी तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को घेरने की कोशिश की है। उनके कहने का तात्पर्य यह है कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं और मदमस्त अफ़सरशाही है और इनसब से परे सरकार बेहोश है। इतना ही नहीं इस सरकार में मंहगाई रिकॉर्ड है। इसके साथ-साथ गरीबी भी है, बेरोजगारी भी है, पलायन और भ्रष्टाचार भी है। इनके कहने का तात्पर्य यह है कि कुल मिलाकर 20 वर्षों की एनडीए की सरकार बिहार का बंटाधार करने वाली है।