13वें कार्यकाल के लिए लालू प्रसाद यादव राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष औपचारिक तौर पर बन गए हैं। परंपरा के तहत इकलौता नामांकन होने के साथ ही उनका पुन: राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना औपचारिकता थी, लेकिन अब राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की शुक्रवार को पटना के एक होटल में हुई बैठक में इस कोरम को पूरा कर लिया गया। लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ पार्टी के बाकी दिग्गजों ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। इसमें बिहार चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट बदलने और तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने पर चर्चा शुरू हो गई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध को राजद ने जमीन पर लाने का एलान भी किया। सभा में तो नहीं, लेकिन फिर फेसबुक लाइव से तेजस्वी यादव ने 9 जुलाई को चक्काजाम कर प्रदर्शन कर अपनी बात रखने का एलान किया।
अध्यक्ष को प्रमाणपत्र कल दिया जाएगा
5 जुलाई को बापू सभागार में पहली पारी में राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में लालू प्रसाद के निर्विरोध निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र उन्हें सौंपा जाएगा। उसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष के रूप में लालू प्रसाद की अध्यक्षता में पार्टी का खुला अधिवेशन होगा। आज हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्वीकृत प्रस्ताव कल राष्ट्रीय परिषद की बैठक में चर्चा के लिए पेश किया जाएगा। तत्पश्चात् इसे खुला अधिवेशन में स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध
शुक्रवार को पटना के होटल मौर्या में हुईं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में चुनाव आयोग के विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण का विरोध करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव का मूड बना चुकी है। तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री रहते हुए मात्र 17 महीने में ही जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह एक मिसाल बन गया है। बैठक को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरिक्षण को लोकतंत्र और संविधान विरोधी बताते हुए इसे गरीबों, दलितों, अति पिछड़ों, पिछड़ों, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यकों को वोट के अधिकार को छीनने की साजिश करार दिया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने स्वागत भाषण दिया। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सांगठनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शिवचन्द्र राम ने राजनीतिक प्रस्ताव, आलोक कुमार मेहता सामाजिक प्रस्ताव, इसराइल मंसूरी ने आर्थिक प्रस्ताव एवं मनोज कुमार झा ने विदेश नीति संबंधी प्रस्ताव पेश किया। राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने संचालन किया।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल
इस बैठक के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन का प्रतिनिधिमंडल बिहार के मुख्य चुनाव पदाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरिक्षण को अव्यवहारिक और लोकतंत्र विरोधी बताते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही आधार कार्ड, राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड को मतदाता सूची के पुनरीक्षण में मान्यता दिए जाने की मांग की।