बिहार के सत्तारूढ़ दल के सांसद से ही रंगदारी मांगी गई है। अपराधियों ने JDU सांसद सुनील कुमार पिंटू को फोन कर दो करोड़ रुपये देने को कहा है। और, नहीं देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जदयू सांसद ने पहले इसे फेक कॉल या किसी का मजाक समझा। लेकिन, जब अपराधी बार-बार कॉल कर रंगदारी मांगने लगे तो गुरुवार देर रात उन्होंने शास्त्रीनगर थाने जाकर FIR दर्ज करवाई। अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर ब्लैकमेल कर रहे अपराधी
बताया जा रहा है कि जदयू सांसद सुनील कुमार पिंटू को पूजा कुमारी नाम की लड़की मोबाइल नंबर और इंटरनेट नंबर से कॉल कर रही है। इसके पहले इस लड़की ने जदयू सांसद के नंबर पर एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीर और वीडियो भेजा। इसके बाद फोन कर दो करोड़ की रंगदारी मांगने लगी। लड़की ने 2 करोड़ नहीं देने पर इस फोटो और वीडियो को इंटरनेट पर वायरल कर देने की धमकी दी है।
10 दिन से फोन पर रंगदारी मांग रहे अपराधी
सांसद ने अपनी शिकायत में यह बताया है कि पिछले 10 दिनों से उनके मोबाइल पर फोन करके दो करोड़ रुपए के रंगदारी की मांग की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। वह काफी परेशान हैं। पुलिस से अपील है कि वह इस मामले को गंभीरता से ले और रंगदारी मांगने वाले को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
पिछले साल साइब्रर अपराधियों ने अकाउंट हैक कर लिया था
सूत्रों की अपराधियों ने तीन अलग-अलग नंबर से उन्हें फोन करके रंगदारी की मांग की है। बता दें कि पिछले वर्ष साइबर अपराधियों ने सांसद सुनील कुमार पिंटू का अकाउंट हैक कर लिया गया था। इसे लेकर भी खूब चर्चा हुई थी। मामला थाना तक पहुंचा था। इस बार अपराधियों ने उनके मोबाइल से रंगदारी की मांग कर डाली है। वहीं इस मामले को लेकर सचिवालय डीएसपी से भी बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।