Bihar : नाबालिग समेत दो बदमाशों ने मुखिया को घर से बुलाकर गोली मार दी। इस घटना में मुखिया की मौत हो गई। अब 25 दिन के बाद मामला से पर्दा उठा। आरोपी ने पुलिस को हत्या करने की वजह बताई। उसने कहा कि मुखिया ने मुझे सजा सुनाई थी। फिर सजा की वजह भी बताई।
नालन्दा में अपराधियों ने पंचायत के मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी आट पंचायत के मुखिया कारू तांती थे। हत्या 14 नवंबर को हुईं थी। घटना के करीब 25 दिन बाद हत्या के कारण का खुलासा हुआ।
विज्ञापन
मुखिया ने आरोपी के खिलाफ की थी पंचायत
घटना के संबंध में राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दबिश से घबराकर गांव के ही आशीष राज उर्फ सुधीर गोप और एक नाबालिग ने सरेंडर किया है। न्यायालय के समक्ष नाबालिग आरोपित ने स्वीकार किया है कि उसने ही मुखिया कारू तांती की गोली मारकर हत्या की थी। कोर्ट के बाद फिर पुलिस को उसने हत्या करने की वजह भी बताई। नाबालिग आरोपित ने स्वीकार किया है कि छेड़खानी के एक मामले में मुखिया ने पंचायती के बाद उसे दंड दिया था। इसी खुन्नस में उसने हत्या की थी। उसने कहा कि पूर्व में उसने एक लड़की के साथ छेड़खानी की थी। लड़की के परिजनों की शिकायत पर मुखिया ने पंचायत की थी, जिसमें मुखिया ने उसे शारीरिक दंड देकर उसे छोड़ दिया था। इसी गुस्से में उसने आशीष के साथ मिलकर मुखिया कारू तांती के हत्या की योजना बनायी। आशीष ने ही उसे देसी कट्टा दिया था। उसके सहयोग से 14 नवंबर की शाम साढ़े तीन बजे मुखिया को घर से बुलाया और उसे गोली मार दी। इसके बाद से वह भागा-भागा फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उस पर लगातार दवाब बना रही थी। अंत में थकहार कर उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
मुखिया जदयू के नेता भी थे
मृतक कारू तांती की उम्र 72 साल थी। वह जदयू के स्थानीय नेता थे। कारू तांती काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। मृदुभाषी होने के कारण लोगों के चहेते थे। उनका विकास का काम देख जनता ने दूसरी बार मुखिया बनाकर मौका दिया था। बिहार सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्रवण कुमार मुखिया के परिवार को सांत्वना देने पहुँचे।