बिहार में भी टमाटर के भाव आसमान छू रहे हैं। 25 से 40 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब राज्य के अलग-अलग इलाकों में 80 से 120 रुपये किलो बिक रहा है। पिछले 10 दिनों से टमाटर के भाव में तेजी देखी जा रही है। बारिश आते ही टमाटर के रेट बढ़ने लगे। मंडी विक्रेताओं के अनुसार, बारिश के कारण टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है। गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में में बिपरजॉय चक्रवाती तूफान के कारण टमाटर की फसल बर्बाद हो गई।
बाजार समिति मंडी विक्रेताओं की मानें तो अप्रैल-मई माह में 5 से 10 रुपये किलो तक टमाटर बिक रहे थे। जून के अंतिम सप्ताह के भाव अचानक बढ़ने लगे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण खेत में जलजमाव की स्थिति हो गई है। इसका सीधा असर टमाटर की फसल पर पर रहा है। अगले महीने तक टमाटर के रेट में तेजी बनी रहेगी।
सप्ताह भर पहले टमाटर ₹30 किलो बिक रहा था
मीठापुर सब्जी मंडी के थोक विक्रेता सनी कुमार ने बताया कि विगत एक सप्ताह से यह रेट बढ़ा हुआ है। सप्ताह भर पहले टमाटर ₹30 किलो बिक रहा था जो अब 100 से 120 तक पहुंच गया है। थोक विक्रेता ₹100 प्रति किलो के हिसाब से बेच रहे हैं। वहीं जो रिटेलर हैं वह ₹120 प्रति किलो बेच रहे हैं। यह टमाटर बेंगलुरु से आता है।
मीठापुर सब्जी मंडी में 80 से 100 रुपये प्रतिकिलो तक टमाटर बिक रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला
एक कैरेट में करीब 25 किलो टमाटर होता है
सनी कुमार का कहना है कि बेंगलुरु से पहले 5 गाड़ियां आती थी जो अब मात्र 2 गाड़ियां ही आ रही है। अर्थशास्त्र के नियम के अनुसार जब वस्तु की संख्या कब होगी तो कीमत वर्तमान से काफी ज्यादा बढ़ जाएगा। बंगलुरु से आने वाले 12 चक्का और 18 चक्का वाले ट्रक में टमाटर पटना के मंडियों तक पहुंचता है। 12 चक्का वाले ट्रक में 400 कैरेट होते हैं जबकि जबकि 18 चक्का वाले ट्रक में 500 कैरेट होते हैं। एक कैरेट में 25 से 26 किलो टमाटर होता है।
बेंगलुरु से आने वाले ट्रक का भाड़ा लगभग ₹2 लाख होता है
थोक विक्रेता मनीष कुमार का कहना है कि बेंगलुरु से आने वाले ट्रक का भाड़ा लगभग ₹2 लाख होता है। मनीष कुमार ने कहा कि पहले लोकल मार्केट से टमाटर आ जाया करता था। लोकल मार्केट गया, जहानाबाद, पुनपुन, मसौढ़ी, बिहार शरीफ, समस्तीपुर, फुलवारी शरीफ, भोजपुर, बक्सर,उत्तर प्रदेश से आते थे। गर्मी की वजह से फसल बर्बाद हो गई। जबतक ठंडा का मौसम नहीं गिरता है यानी दुर्गा पूजा से छठ तक में जब तक नई फसल नहीं आ जाती तब तक यह किसी रेट में बिकता रहेगा।