दरभंगा में बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
12वें दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उत्सव में युवा सांस्कृतिक प्रस्तुति और सिनेमा क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें दरभंगा के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने उत्सव को और भी जीवंत बना दिया।समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों में 65 अवॉर्ड्स प्रदान किए गए। इस मौके पर भारत सहित विभिन्न देशों के प्रतिभाशाली फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही रेड कार्पेट सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा समेत कई कलाकारों ने भाग लिया। यशपाल शर्मा ने दरभंगा के फिल्म प्रेमियों से बातचीत की और उनके साथ फोटो सेशन भी किया।
दरभंगा में सिनेमा का बढ़ रहा प्रभाव
दरभंगा फिल्म क्लब द्वारा आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव लगातार 12 वर्षों से सिनेमा प्रेमियों के लिए एक प्रतिष्ठित मंच बना हुआ है। यह न केवल स्थानीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों को एक साथ लाने का कार्य करता है, बल्कि मिथिला एवं बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है। इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता ने एक बार फिर दरभंगा को फिल्म फेस्टिवल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। आयोजकों ने इस उत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कलाकारों, मेहमानों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।