नालंदा में एक परिवार के पांच सदस्यों ने एक साथ जहर खा लिया। आननफानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामला पावापुरी का है। फिलहाल सभी का इलाज भगवान महावीर अस्पताल (विम्स) पावापुरी में चल रहा है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : तीन अपराधियों की पहचान बताते हुए डॉक्टर और पारस अस्पताल पर भी प्राथमिकी; हॉस्पिटल में हत्या का मामला
एक साथ पूरे परिवार ने खाया जहर
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि शेखपुरा जिले के पुरनकामा सिक्करपुर गांव का यह परिवार पिछले छह महीनों से पावापुरी जलमंदिर के पास किराये के मकान में रह रहा था। पारिवारिक मुखिया कपड़े का कारोबार करते थे, लेकिन व्यावसायिक नुकसान के कारण परिवार गंभीर आर्थिक संकट में फंस गया था। शुक्रवार की शाम में जब पड़ोसियों को इस दुखद घटना की भनक मिली, लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी पीड़ितों को भगवान महावीर अस्पताल पावापुरी में भर्ती कराया। जहर सेवन करने वाले परिवार के सदस्यों में शामिल दंपत्ति रीता देवी एवं धर्मेंद्र कुमार, पुत्र एरिया राज (17), भोला कुमार (15) एवं पुत्री सोनी कुमारी (16) है। स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटे बेटे शिवम (14) ने जहर नहीं खाया था।
यह खबर भी पढ़ें-Prashant Kishor Health : जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर की तबीयत बिगड़ी, कार्यक्रम रद्द; एक्सरे-HRCT जांच होगी
आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि परिवार पर लगभग पांच लाख रुपये का कर्ज था। स्थानीय लोगों ने बताया कि साहूकारों के बढ़ते दबाव और कर्ज को चुकाने की असमर्थता के कारण परिवार मजबूर हो गया। कपड़े के कारोबार में लगातार नुकसान और आर्थिक स्थिति में गिरावट ने परिवार को आर्थिक रूप से तोड़ दिया था।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद राजगीर डीएसपी सुनील कुमार और इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज घटनास्थल पर पहुंचे। पावापुरी पुलिस बल भी घटनास्थल पर तैनात है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।