घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली के 12 साल के बच्चे की मौत
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में वैशाली जिले के तिसिऔता थाना के डभैच गांव निवासी संजीत पासवान के 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार की मौत हो गई। नीरज कुमार अपने चाचा इंद्रजीत पासवान एवं चाची के साथ महाकुंभ में स्नान करने के लिए जाने के लिए ट्रेन पकड़ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन शनिवार की रात गया था। इसी दौरान भगदड़ में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव में मिलते ही कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार नीरज अपने चाचा चाची के साथ दिल्ली टिकरी बॉर्डर स्थित राम कॉलोनी में रहता था। इंद्रजीत पासवान का कोई संतान नहीं था वह छठ पूजा में अपने घर आया था इसी दौरान नीरज को अपने साथ ले गया था। नीरज वहीं पढ़ाई भी करता था।
नवादा की मां-बेटी की मौत
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में नवादा जिले की मां बेटी मौत हो गई है। मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया हैं। मृतकों की पहचान नवादा जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के पटवासराय गांव के राजकुमार मांझी के पत्नी 40 वर्षीय शांति देवी और 08 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है।मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हैं। मृतक के पति राजकुमार मांझी ने बताया कि हरियाणा से दिल्ली आए थे और यहां से अपने गांव नवादा के पटवा सराय लौटे रहे थे। सात नंबर प्लेटफार्म पर गए थे गाड़ी पकड़ने के लिए अचानक भगदड़ मची जिसमें मेरी पत्नी और बेटी की मौत हो गईं है। कल शाम तक परिवार में चार लोग थे, अब दो लोग बचे हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में राज कुमार मांझी की दुनिया ही उजड़ गई। बेटी और पत्नी की मौत हो चुकी है। रेलवे ने भी लिस्ट जारी कर दी जिसमें पुष्टि हो रही है कि राजकुमार मांझी पत्नी और मासूम बेटी अब इस दुनिया में नहीं है।
सारण के जीविका दीदी की मौत
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में सारण के सोनपुर प्रखंड के मिर्जापुर गंगाजल गांव की रहने वाली 37 वर्षीय पूनम देवी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर जब गांव पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर पहले से ही खचाखच भरी ट्रेनों में जगह पाने के लिए यात्री बेचैन थे। इसी बीच दूसरी ट्रेन के आने की घोषणा होते ही फुटओवर ब्रिज पर अचानक अफरा- तफरी मच गई। भीड़ के अत्यधिक दबाव के कारण कई यात्री गिर पड़े, जिस कारण बेकाबू भीड़ की भेंट चढ़ गए है। बताया जा रहा है कि पूनम देवी अपने दामाद के साथ दिल्ली से सोनपुर लौट रही थीं। वह कुछ दिन पहले महाकुंभ में स्नान करने के लिए गई हुई थी। जबकि स्नान करने के बाद दिल्ली स्थित अपनी बेटी से मिलने के लिए गई थी। स्टेशन पर भगदड़ मचने के दौरान जबरदस्त धक्का- मुक्की में वह गिर पड़ीं और वहीं पर दम तोड़ दिया। पूनम देवी के निधन से उनका परिवार पूरी तरह से टूट चुका है। क्योंकि वह अपने पीछे पति मेघनाथ साह सहित तीन बेटी और दो बेटों को छोड़ गई है। आर्थिक रूप से काफी कमजोर इस परिवार के लिए यह हादसा किसी कयामत से कम नहीं है। क्योंकि पूनम देवी जीविका समूह से जुड़ कर अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करती थी।
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सीएम ने दो-दो देने का किया एलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है। इस घटना में बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को
दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने का निर्देश दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से 18 की मौत
प्रयागराज की ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की उमड़ी भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई। इससे
18 लोगों की मौत हो गई। शनिवार रात करीब दस बजे मची भगदड़ में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।