सांसद पप्पू यादव को धमकी देने वाला राम बाबू राय।
- फोटो : सोशल मीडिया।
ऐसा करने के बदले दो लाख रुपये मिलते
पूर्णिया एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में राम बाबू ने बताया महीने भर पहले सांसद के करीबी समर्थक ने कॉल कर धमकी भरा वीडियो बनाने को कहा था और बताया था कि सांसद को 'जेड' सिक्योरिटी की सुरक्षा दिलानी है। इसलिए ऐसा करना जरूरी है। इसके बदले उसे दो लाख रुपए मिलने थे। पार्टी में बड़ा पद देने की जिम्मेदारी भी दी गई थी। एडवांस के रूप में उसे दो हजार रुपये भी दिए गए थे। उसने दो वीडियो बनाया गया था। एक वीडियो इशारा मिलते ही सांसद के नंबर पर भेजा था। रामबाबू का लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से कोई संबंध नहीं है।
सांसद के सहयोगियों ने उससे संपर्क किया
एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि चार से पांच साल पहले सांसद आरोपी के गांव गए थे। इस दौरान रामबाबू राय ने पप्पू यादव के साथ फोटो खिंचवाई थी। शायद रामबाबू ने पप्पू यादव की पुरानी पार्टी भी जॉइन किया था। एसपी ने कहा कि आरोपी ने जो भी कुछ बताया है, उसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इसकी जांच चल रही है। उसने बताया कि सांसद के सहयोगियों ने उससे संपर्क किया। कहा गया कि सांसद की सुरक्षा बढ़ाने के लिए जरूरी है कि इस तरह की कोई धमकी दी जाए। इसके लिए रामबाबू को तैयार किया गया।
पुलिस को दोनों वीडियो मिल चुके हैं
समर्थकों की ओर से रामबाबू को कुछ पैसे दिए गए। भविष्य के लिए लालच भी दिया गया। रामबाबू ने धमकी वाले दो वीडियो बनाए थे, जिसमें एक सांसद को भेज दिया गया था, जबकि दूसरा अभी रखा था। पुलिस को दोनों वीडियो मिल चुके हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी की ओर से जिनका नाम लिया गया है, उसकी जांच की जा रही है। आरोपी ने दोनों वीडियो एक महीना पहले ही शूट किया था। जब एसपी से पूछा गया कि आखिर आरोपी ने किन समर्थकों के बारे में बताया, क्या नाम बताया, तो उन्होंने कहा कि ये जांच का हिस्सा है, इसलिए अभी हम नाम का खुलासा नहीं कर सकते हैं।