पूर्णिया के सहायक खजांची थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदा नगर निवासी दिनेश कुमार दास के पुत्र ऋषभ कुमार (17) पटना से लापता हो गया है। ऋषभ इंटर का छात्र है और एक साल पहले तक पटना में रहकर विद्या क्लासेस में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा था। बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण वह महीने भर पहले पटना से वापस पूर्णिया लौट आया था और यहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। ऋषभ 26 जून को पटना से जरूरी डॉक्यूमेंट लाने की बात कहकर घर से निकला था। 26 जून की देर रात करीब 1 बजे वह टोटो से पूर्णिया कोर्ट पहुंचा और कोसी एक्सप्रेस ट्रेन से पटना के लिए रवाना हो गया। 27 जून को दोपहर 2 बजे ऋषभ से उसकी मां नंदनी देवी की आखिरी बातचीत हुई थी। इसके बाद से उसका फोन ऑफ आने लगा और कोई खोज खबर नहीं मिली।