Bihar : राजधानी पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका और बालू कारोबारी रमाकांत यादव की हत्या के बाद अब अपराधियों ने राजधानी से सटे जिले में एक वेंडर को गोली मारकर घायल कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी में लगातार दो बड़े व्यवसायियों की हत्या के बाद अब वैशाली जिले में अपराधियों ने एक दुकानदार को गोली मार कर घायल कर दिया है। घायल शख्स की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया निवासी जगदीश साह के पुत्र दीपक साह (40) के रूप में की गई है।
विज्ञापन
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह समस्तीपुर जिला के ताजपुर से अपना मक्का बेचकर मुजफ्फरपुर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौता में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने लूट करने के दौरान उसे गोली मार दी। गोली लगते ही दीपक जमीन पर गिर पड़ा। उसके गिरते ही अपराधी वहां से फरार हो गये। आननफानन में आसपास के लोगों ने घायल दीपक को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि परिवार वाले दीपक का इलाज मुजफ्फरपुर के अस्पताल में करवा रहे हैं।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि यह घटना बृहस्पतिवार की देर रात की है। परिजन अब यह भी कह रहे हैं कि दीपक के पास अनाज बिक्री का बीस हजार रूपया भी था, जो अब नहीं है। अपराधियों ने लूट के दौरान विरोध करने पर दीपक को गोली मारी थी। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने पूरी घटना को अंजाम दिया है। गोली मारने के बाद 20 हजार रुपये भी ले भागे। घायल का बयान लेने के लिए पुलिस अस्पताल में पहुंची थी लेकिन होश में नहीं होने के कारण पुलिस बयान नहीं ले सकी और वापस लौट गई। वहीं पुलिस अब पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। बालीगांव थाना प्रभारी डीके महतो ने बताया है कि अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारी गई है लूट के क्रम में यह घटना हुई है। अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।