ओवर ब्रिज से लटकता ट्रक, जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
समस्तीपुर में एक अनियंत्रित ट्रक स्कूटी सवार हार्डवेयर कारोबारी दंपति को ठोकर मार दिया। इस घटना में अनियंत्रित ट्रक ओवरब्रिज के रेलिंग को तोड़ते हुए पुल से लटक गया। हालांकि गनीमत रही कि ट्रक पुल के नीचे नहीं गिरा अन्यथा जलाभिषेक करने के लिए जुट रहे कई कांवरियों की जान जा सकती थी। इस घटना में मोहनपुर नक्कू स्थान निवासी स्कूटी सवार हार्डवेयर कारोबारी दीपक शर्मा और उनकी पत्नी सुषमा शर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं। घटना होते ही स्थानीय लोगों की घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। उनलोगों ने आननफानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक इलाज किया और फिर उनकी गंभीर स्थिति कोदेखते हुए दोनों को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी संजय पांडे और सदर एसडीओ दिलीप कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पुल की रेलिंग पर लटक रहे ट्रक को सुरक्षित वापस सड़क पर लाया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपक शर्मा और उनकी पत्नी सुषमा शर्मा देर शाम बाजार से अपने घर मोहनपुर लौट रहे थे। तभी थानेश्वर पुल पर कांवरियों की भीड़ होने के कारण दंपत्ति ओवर ब्रिज की ओर से जाने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारते ही ट्रक असंतुलित हो गया और ओवर ब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए ट्रक बीच पुल पर रेलिंग के सहारे लटक गया। घटना के दौरान ट्रक चालक और उसका उपचालक गेट खोलकर ट्रक से कूद कर फरार हो गया।
कांवरियों के साथ हो सकता था बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवर ब्रिज पर हुए इस हादसे के कारण ओवरब्रिज के नीचे सड़क से जा रहे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। उनका कहना था कि इस रास्ते बड़ी संख्या में लोग थानेश्वर स्थान मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए जा रहे थे। हालांकि गनीमत रही कि ट्रक पुल के नीचे नहीं गिरा, क्यों कि अगर ट्रक पूल के नीचे गिर जाता तो कई कांवरिया इसमें दब जाते, जिससे कई की जान जा सकती थी।