Bihar News : सांसद चिराग पासवान ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुली चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो इन दो बच्चों के सामने आकर बोलें कि बिहार में सब ठीक चल रहा है। पांच साल से लिखित आशंका जताने के बावजूद हत्या हो रही है, यह क्या है?
लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान दिवंगत भाजपा नेता नीलेश मुखिया के घर पहुंचे। वहां उनके परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद चिराग पासवान उनके घर से ही मीडिया से बातचीत की और हत्यारों को गिरफ्तारी की मांग की। चिराग पासवान ने कहा कि औसतन एक दिन में एक हत्या पटना में हो रही है। पूरे बिहार की तो बात ही नहीं कर रहा हूं। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके डीजीपी से मांग करता हूं कि नीलेश मुखिया हत्याकांड का स्पीडी ट्रायल हो और दोषियों को फांसी की सजा दिलवाई जाए। सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि दिनदहाड़े एक शख्स को अपराधियों ने 7 गोली मार दी गई। 23 दिन बाद उनकी मौत हो गई। अब तक न ही मुख्यमंत्री आए और न ही डीजीपी।
विज्ञापन
चिराग ने साधा सीएम नीतीश कुमार पर निशाना
चिराग ने कहा कि बिहार सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। परिवार आंसु बहा रहा है और सरकार इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्हें संरक्षण क्यों दिया जा रहा है? अब तक उसपर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। 26 दिन बाद भी आरोपियों पर अगर कार्रवाई नहीं हो रही है तो यह इससे तो साफ स्पष्ट है कि बिहार सरकार आरोपियों को संरक्षण दे रही है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है।
चिराग ने की सीबीआई जांच की मांग
चिराग पासवान ने कहा कि एक युवा राजनीति के क्षेत्र में दमखम और जनता के प्यारा के साथ आगे बढ़ रहा था, इसलिए उसे मौत के घाट उतार दिया। चिराग ने आरोप लगाया कि जंगलराज 2 आ गया है। अब बिहार में जिसका वर्चस्व बढ़ेगा, उसे असामाजिक लोग अपने रास्ते से हटा देंगे। बिहार सरकार और इनके घटक दल अपराधियों पर कार्रवाई नहीं कर रहे। इसलिए मैं केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग करता हूं और इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करता हूं।