केंद्रीय चयन (सिपाही भर्ती) पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मीडिया के सामने तैयारियां बताईं।
- फोटो : अमर उजाला
सिपाही भर्ती परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को बिहार सरकार ने बड़ी राहत दी है। केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से लेटर जारी किया है। कहा गया कि सिपाही भर्ती के बीसी, ईबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 20 जुलाई 2023 के बाद के प्रमाण पत्र मान्य होंगे। इसलिए अभ्यर्थी पीईटी में आरक्षण कोटि के प्रमाण प्रत्र लेकर आएं। दरअसल, बीसी, ईबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों से संबंधित क्रीमी लेयर की कटऑफ तिथि और ईडब्ल्यूएस आरक्षण कोटि के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र की अवधि और कटऑफ की तारीख सिपाही भर्ति के विज्ञापन प्रकाशन की अंतिम तिथि के बाद जारी प्रमाण पत्र का मामला राज्य सरकार के पास विचारधीन था। इसके बाद कई स्तर पर जांच के बाद सरकार ने अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला लिया है।
बता दें कि शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए 1,07,079 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें पुरुषों की संख्या 67,518; महिलाओं की संख्या 39,550; ट्रांसजेंडर की संख्या 11 है। इनमें 485 गृहरक्षक अभ्यर्थी तथा 433 स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित भी शामिल हैं। जबकि इस भर्ती के लिए लगभग 11.95 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी। रिक्त पदों से पांच गुना अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। कुल पदों की संख्या 21,391 है। PET के कार्यक्रम की सूचना पर्षद की वेबासाईट https://csbc.bihar.gov.in पर प्रकाशित की गई है।
इन बातों का रखें ख्याल
- जो अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में न्यूनतम 30% अंक प्राप्त करने में असफल रहेंगे, उन्हें शारीरिक परीक्षण से स्वतः ही अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
- रिक्तियों की संख्या से लगभग पांच गुना अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षण के लिए चुना जाएगा।
- परिणाम घोषित होने के 1.5 महीने के भीतर शारीरिक परीक्षण आयोजित किये जाने की संभावना है।