बिहार सरकार में आज अंतिम रूप से कैबिनेट का विस्तार हो गया, लेकिन इसके साथ ही कई सवाल भी उठ खड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा कोटे से सात नए मंत्रियों को अपनी सरकार में जगह दी, लेकिन इनकी ‘पृष्ठभूमि’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नए मंत्रियों में कई ऐसे हैं जिन पर हत्या, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा डालने से लेकर औषधि घोटाले तक के गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
राजू सिंह - साहेबगंज से विधायक राजू सिंह पर हत्या और आर्म्स एक्ट सहित 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजू सिंह पर 2019 में दिल्ली के फतेहपुर बेरी में एक फार्महाउस में महिला की हत्या का मामला दर्ज हुआ। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था। उन पर इसके अलावे पारु थाना, नगर थाना और पटना सिविल कोर्ट में भी उनके खिलाफ धोखाधड़ी, हिंसा और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।
कृष्ण कुमार मंटू - कृष्ण कुमार मंटू अमनौर से विधायक हैं। इन पर मारपीट और सरकारी काम में बाधा करने के आरोप हैं। इनके खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि कृष्ण कुमार मंटू पर नाजायज मजमा बनाकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और चोरी के मामले दर्ज हैं। साथ ही उन पर भयादोहन और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने का भी आरोप है।
मोतीलाल प्रसाद - मोतीलाल प्रसाद रीगा से विधायक हैं, जिन पर हत्या की कोशिश के आरोप हैं। मोतीलाल प्रसाद पर इसके अलावे भी कई अन्य मामले दर्ज हैं। उनपर सीतामढ़ी और बैरगनिया थाने में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
सुनील कुमार - सुनील कुमार बिहार शरीफ से विधायक हैं जिनपर धोखाधड़ी और अतिक्रमण सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें दो केस कोर्ट परिवाद के तहत चल रहे हैं, जिसमें धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120B (आपराधिक साजिश) के मामले शामिल हैं। उनपर सरकारी भूमि के अतिक्रमण और सरकारी व्यवस्था भंग करने का भी आरोप है।
जीवेश मिश्रा - जीवेश मिश्रा जाले से विधायक हैं, जिनपर औषधि घोटाला का आरोप है। जीवेश मिश्रा पर सिंहवाड़ा थाना में औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत कई केस दर्ज हैं। उनपर जयपुर, राजस्थान और राजसमंद में भी औषधि नियंत्रण से जुड़े मामलों में उनका नाम शामिल है।
संजय सरावगी - संजय सरावगी दरभंगा से विधायक हैं, जिनपर चुनावी आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। यह आरोप उनपर लहेरियासराय थाना क्षेत्र में लगा था। उनपर
रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सरकारी संस्थानों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
विजय कुमार मंडल - विजय कुमार मंडल सिकटी से विधायक हैं, जिनपर चुनावी गड़बड़ी के आरोपी हैं। उनपर यह मामला कुर्साकांटा थाने में दर्ज किया गया था।