अंबाला लॉकर केस का मुख्य आरोपी मिथुन बिंद (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
हरियाणा के अंबाला में सितंबर 2023 में एक बड़ी घटना हुई थी। चोरों के गिरोह ने अंबाला कोऑपरेटिव बैंक के 32 लॉकर तोड़कर करीब 10 करोड़ रुपये के जेवर उड़ा लिए थे। इस कांड के मास्टरमाइंड का भाई उत्तर प्रदेश पुलिस के एनकाउंटर में पिछले साल मारा गया था। अब मुख्य आरोपी मिथुन बिंद ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। हरियाणा पुलिस मिथुन को लेकर बिहार के मुंगेर आई थी। इसी दौरान वह बाथरूम का बहाना कर वेंटिलेटर तोड़कर भागा और ट्रेन के सामने आ गया। वह मरने के लिए ही ट्रेन के सामने आया था, यह बात इसलिए आ रही है क्योंकि ट्रेन के लोको पायलट ने उसे ट्रैक पर देखकर कई बार हॉर्न बजाया था। उसके गोदने को देखकर उसकी पहचान की गई है।
यह भी पढ़ें- कैसे भागा था 10 करोड़ की चोरी का आरोपी
इधर पुलिस तलाश रही थी, उधर अज्ञात शव मिला
मिथुन मुंगेर का रहने वाला था। हरियाणा पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बाद रिमांड पर मुंगेर लाकर आयी थी, क्योंकि चोरी गए जेवरातों के मुंगेर में खपाए जाने की जानकारी मिली थी। इस क्रम में हरियाणा पुलिस आयी और मिथुन की निशानदेही पर एक सुनार राहुल कुमार को गिरफ्तार भी किया गया। जब माल की बरामदगी नहीं हुई तो हरियाणा पुलिस मिथुन को लेकर वापस लौटने वाली थी। सोमवार को इसी दौरान वह होटल के बाथरूम का वेंटीलेटर तोड़कर फरार हो गया। उसे दोबारा गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा पुलिस बिहार पुलिस की मदद से खोजबीन कर रही थी, तभी भागलपुर-जमालपुर रेलखंड के अकबरनगर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना आई। उसके हाथ पर उसके बेटे के नाम का टैटू था, जिससे पहचान की पुष्टि हो गई। पुलिस पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेन के लोको पायलट ने हॉर्न बजाया, फिर भी वह ट्रेन की इंजन का आगे कूद गया। इससे उसके सिर के कई टुकड़े हो गए और तत्काल उसकी मौके पर मौत हो गई।
32 लॉकर में सेंध, 10 करोड़ से अधिक के जेवरात चोरी
मिथुन बिंद हरियाणा के अंबाला कोऑपरेटिव बैंक में लॉकर्स की सेंधमारी का मुख्य आरोपी था। 25 सितंबर 2023 को अंबाला शहर के बलदेवनगर थाना अंतर्गत नारायणगढ़ रोड पर उसके गिरोह ने कोऑपरेटिव बैंक की दीवार को तोड़ने के बाद कटर से स्ट्रांग रूम को काट दिया था। पुलिस पहुंची तो पता चला कि तोड़े गए 32 में से सात लॉकर पूरी तरह खाली थे। बचे 25 लॉकर में बहुत कुछ नहीं बचा था। इस केस के मुख्य आरोपी मिथुन को हरियाणा पुलिस 30 मार्च को आठ दिन की रिमांड पर मुंगेर लेकर आई थी।