रोहतास जिले के राजपुर बाजार में रविवार दोपहर आपसी रंजिश के कारण एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के युवक चंदन माली (35) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला बस में बैठे समय किया गया, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजपुर प्रखंड के स्थानीय बाजार में रविवार को आपसी रंजिश के कारण एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान चंदन माली (35 वर्ष), निवासी राजपुर गांव के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
बस में चढ़कर किया हमला
बताया गया कि चंदन माली डिहरी ऑनसोन जाने वाली बस में बैठा था। तभी तीन-चार युवक बस में घुसे और चंदन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसका पेट बुरी तरह से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे वाराणसी भेज दिया।
बाजार में अफरातफरी और डर का माहौल
यह घटना दोपहर के समय हुई, जिससे राजपुर बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग इस घटना को दो समुदायों के बीच पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक जैसे व्यस्त इलाके में पुलिस की गैरमौजूदगी से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी आजाद मियां को गिरफ्तार कर लिया। स्थिति को देखते हुए राजपुर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। बिक्रमगंज डीएसपी कुमार संजय की अगुवाई में कई थानों की पुलिस हालात को काबू में करने में लगी है। रोहतास एसपी रोशन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हालात पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।