कटिहार के मनसाही थाना क्षेत्र के छोटी बथनाहा गांव में मामूली कहासुनी के बाद दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक हो गया। मोहम्मद इजराफिल की भैंस की मौत को लेकर शुरू हुई कहासुनी के दौरान गाली-गलौज पर नाराज़ होकर मोहम्मद हसरत और उनके परिजनों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
कटिहार के मनसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बथनाहा गांव में रविवार को दो पड़ोसी परिवारों के बीच मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक ही परिवार के करीब आधा दर्जन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, विवाद की जड़ तीन दिन पहले मोहम्मद इजराफिल की भैंस की मौत से जुड़ी है। इसी बात को लेकर इजराफिल अपनी पत्नी से कहासुनी कर रहे थे। आरोप है कि उस दौरान हुई गाली-गलौज को पड़ोसी मोहम्मद हसरत ने अपने ऊपर ले लिया और नाराज़ हो गए। देखते ही देखते हसरत और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने इजराफिल के परिवार पर हमला कर दिया।
घायल मोहम्मद अजमल ने बताया कि हमलावरों में मोहम्मद हसरत के अलावा शाहीद, आजाद, वजीर, मजीर, नूर, अलाउद्दीन, जियाउल सहित लगभग एक दर्जन लोग शामिल थे। इन लोगों ने मोहम्मद इजराफिल, उनके बेटे मोहम्मद राहुल, मांगन, हसमत और पत्नी सिरफुल खातून को चाकू से बुरी तरह घायल कर दिया। सभी को पेट, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का इलाज फिलहाल कटिहार सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द ही कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।