बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए चार दलों के बीच हुआ महागठबंधन सीटों के बंटवारे की घोषणा के साथ ही खतरे में पड़ता दिख रहा है। गठबंधन के घटक दल एनसीपी ने कम सीटें मिलने की बात कहकर गठबंधन से नाता तोड़ने की धमकी दी है।
बिहार में एनसीपी के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर तो काफी आक्रामक तेवरों में दिखे। उन्होंने कहा कि अब अगर उन्हें हमारी जरूरत नहीं तो हम अलग हो जाते हैं। बता दें कि बिहार में विधानसभा चुनावों के लिए जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रीय जनता दल ने 100-100 सीटों पर लड़ने का फैसला किया है।
जबकि 40 सीटें कांग्रेस और मात्र तीन सीटें एनसीपी के लिए छोड़ी गई हैं। सीटों की घोषणा के साथ ही विरोध के स्वर भी तेज हो गए थे। कांग्रेस ने भी कम सीटें दिए जाने की बात कहते हुए गठबंधन पर आपत्ति जताई थी।
हालांकि प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान बिहार कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री सीपी ठाकुर भी वहां मौजूद थे। लेकिन बताया जा रहा है उनकी पार्टी को 40 सीटों पर आपत्ति है। वहीं अब एनसीपी ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।