नालंदा के बिहार शरीफ मुख्यालय में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हिंसक घटना के बाद न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन ने हिंसा के फरार 11आरोपियों के घर पर रात को इश्तहार चिपकाया और शनिवार की सुबह पुलिस ने सभी आरोपियों के घरों की कुर्की जब्ती शुरू कर दी है।
नालंदा के बिहार शरीफ मुख्यालय में बीते दिनों रामनवमी जुलूस के दौरान शुक्रवार को हुए हिंसक घटना के बाद न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिंसा के फरार 11आरोपियों के घर पर रात को इश्तहार चिपकाया था। शनिवार की अहले सुबह पुलिस ने सभी आरोपियों के घरों की कुर्की जब्ती शुरू कर दी। इसको लेकर उन स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन आरोपियों में 09 फरार आरोपियों के घर की कुर्की की जा रही है। फिलहाल तीन आरोपियों ने कुर्की के डर से सरेंडर कर दिया है जबकि अन्य आरोपियों के घर पर कुर्की जारी है।
विज्ञापन
आठ आरोपियों ने किया सरेंडर
पुलिस के द्वारा कुर्की शुरू होते ही कुल 8 लोगों ने सरेंडर किया है जिसमें कृष्ण कुमार ने पटना के कोतवाली थाना में सरेंडर किया है जबकि मनीष वर्मा और सोनू वर्मा ने सोहसराय थाना में सरेंडर किया है। मोहम्मद शेरू, मोहम्मद चांद, मोहम्मद राशिद और कुंदन कुमार ने लहेरी थाना में समर्पण किया है। जबकि दोपहर के बाद आरोपी पप्पू मियां ने अररिया जिले के फारबिसगंज थाना में सरेंडर किया है। फिलहाल पुलिस इन सबों से पूछताछ कर रही है। मुन्ना मियां अभी भी फरार हैं। आज मुन्ना मियां और पप्पु मियां के घर की कुर्की की गई है।
8 दिनों के बाद शहर में इंटरनेट सेवा बहाल
नालंदा में 8 दिनों के बाद इंटरनेट सेवा बहाल कर दिया गया है। बाजारों को भी अगले आदेश तक 3 बजे शाम तक खोलने की अनुमति है। अब तक कुल 130 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 15 एफआईआर बिहार एवं लहेरी और सोहसराय थाने में दर्ज किए गए हैं। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपलोग अफवाहों से बचें। इसके लिए लगातार जिला प्रशासन के द्वारा माइकिंग की जा रही है।