अनुमंडल अंतर्गत एनटीपीसी लेबर गेट के पास शुक्रवार को दुर्गेश कॉम्प्लेक्स मार्केट में भीषण आग लग गई। इस अगलगी में आठ दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। दुकानदारों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इस घटना में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दुकानों में रखे 8 से 10 लाख रुपये नकद भी जलने की बात सामने आई है।
दुर्गेश कॉम्प्लेक्स मार्केट में रितेश सिंह की कपड़ों की थोक दुकान के अलावा मोबाइल और टेंट-पंडाल से संबंधित दुकानें संचालित होती थीं। आग लगते ही देखते ही देखते लपटों ने पूरे मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया। कपड़े, मोबाइल फोन, टेंट-पंडाल का सामान और अन्य व्यावसायिक सामग्री जलकर नष्ट हो गई।
पढ़ें: 2011 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में लालू प्रसाद को बड़ी राहत, सीवान की अदालत ने दी जमानत
दुकानदारों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि किसी को भी दुकानों से सामान निकालने का मौका नहीं मिला। इस दौरान मोबाइल फोन की बैटरियां फटने से लगातार तेज धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। शुरुआत में आग के दौरान गैस सिलेंडर फटने की आशंका जताई गई, लेकिन दुकान मालिक के अनुसार, मोबाइल दुकान में रखे फोन की बैटरियां फटने से धमाके हो रहे थे।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। उनका कहना है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर बाढ़ एसडीपीओ-1 रामकृष्ण मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एनटीपीसी और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।