देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर व्यापक तौर पर फैली हुई है। सरकार की ओर से हर संभव कोशिश करने के बाद भी लोगों की लापरवाही संक्रमण फैलाने का एक बड़ा कारण बन रही है। बिहार के गया में भी ठीक ऐसी ही लापरवाही का मामला सामने आया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के बिहार में लॉकडाउन लागू किया गया है।
लॉकडाउन के दौरान होने वाले शादी-विवाह में केवल 20 लोगों के आने की अनुमति है और डीजे और बैंड बाजे पर पूरी तरह से रोक है। लेकिन सख्ती के बावजूद लोग मनमानी करने से नहीं चूके और बारात में नाचते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस की गाड़ी आती देखी तो वहां से भाग गए।
इस मामले में दिलचस्प बात यह है कि लोग पुलिस को देखकर ऐसा भागे कि दुल्हे को ही छोड़ गए। वहीं बैंड-बाजे के आर्टिस्ट भी मौके पर ढोल नगाड़े छोड़कर भाग गए। बता दें कि बीती रात गया की सड़कों पर लोग बारात में नाच रहे थे, जैसे ही पुलिस को इसकी खबर मिली, वो मौके पर पहुंची, जिसे देख लोग वहां से भाग गए।
वहीं बारातियों के भागने के बाद पुलिस मैरिज हॉल में पहुंची, जहां सैकड़ों लोग मौजूद थे। शुक्रवार की रात को पुलिस कर्मियों ने तीन जगह पर छापेमारी की। इस दौरान दो मैरिज हॉल से लड़का और लड़की के परिजनों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई।