बिहार में राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए अब लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों और अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत इस सुविधा का लोकार्पण किया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बिहार में राजस्व से जुड़े मुकदमों की सुनवाई अब डिजिटल माध्यम से भी हो सकेगी। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना में लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत इस सुविधा की शुरुआत की। नई व्यवस्था से अब पक्षकार अपने मामलों की सुनवाई में ऑनलाइन शामिल हो सकेंगे। उन्हें हर बार सुनवाई के लिए संबंधित राजस्व न्यायालय तक पहुंचने की जरूरत नहीं होगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को सुनवाई के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। समय और संसाधनों की बचत के साथ राजस्व न्यायालयों पर मुकदमों का दबाव भी कम होगा। सरकार का मानना है कि इससे लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया तेज होगी।
सुनवाई की रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन भी होगा उपलब्ध
नई व्यवस्था में वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और उसका ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे सुनवाई की प्रक्रिया पर नजर रखने और उसकी गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पारित आदेशों की नियमित जांच के लिए विशेष सेल गठित करने का निर्देश भी दिया। इसका उद्देश्य आदेशों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन
एसएमएस के अलावा कॉल सेंटर से भी मिलेगी सूचना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी पक्षकारों तक पहुंचाने के लिए केवल एसएमएस पर निर्भर नहीं रहा जाए। इसके लिए कॉल सेंटर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों की व्यवस्था भी की जाए, ताकि किसी व्यक्ति को सूचना मिलने में परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों से इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे दस्तावेज और साक्ष्य
कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नई प्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि RCMS के जरिए पक्षकार ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने के साथ डिजिटल माध्यम से जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य भी अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा वे अपने मामलों की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर पाएंगे। इससे राजस्व मामलों की सुनवाई और निपटारे की प्रक्रिया अधिक आसान और पारदर्शी होगी। मुख्यमंत्री ने इस पहल को सरकार के सात निश्चय-3 के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के लक्ष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व न्यायालयों से जुड़े अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।