आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में गहमागहमी का दौर शुरू हो गया है। लालू प्रसाद यादव द्वारा बिहार में किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में नहीं आने देने की बात कही गई है। लालू प्रसाद यादव के साले सुभाष यादव ने अपने बहनोई और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर अपने कार्यकाल में अपहरण और फिरौती की डील करने का गंभीर आरोप लगाया है। इन दोनों बयानों के बाद बिहार के विभिन्न जिलों में एनडीए घटक दलों के नेताओं का प्रतिक्रिया आना शुरू हो गई है। जदयू जिला कार्यालय में जिला जदयू के मुख्य प्रवक्ता कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व सांसद सुभाष यादव का बयान बिहारवासियों के बीच जाना चाहिए। क्योंकि उन्होंने बहुत बड़ा खुलासा किया है। लालू यादव के शासन काल में बिहार में जंगलराज था। इसका खुलासा लालू प्रसाद यादव के साले सुभाष यादव ने कर दी है। आज तेजस्वी यादव बिहार में कानून व्यवस्था पर लगातार वार करते आ रहे हैं। लेकिन आज उनके ही परिवार ने जंगलराज का खुलासा कर दिया। 2005 से पहले बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त था। वह मुश्किल भरा दौर था। सीधी बात कहे तो वह बिहार के लिए काला दौर था।
जानिए, क्या कहा था सुभाष यादव ने
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साले सुभाष यादव ने लालू प्रसाद यादव पर काफी गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा कि लालू और राबड़ी देवी के समय बिहार में होने वाले सभी अपहरण में किससे कितनी राशि लेनी है यह सीएम हाउस में लालू जी ही करते थे। उन्होंने कहा कि अपहरण के मामले में सारा डील लालू प्रसाद यादव, शहाबुद्दीन और प्रेमचंद गुप्ता ही करते थे।