भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी भानु प्रताप की पत्नी पूजा ने परिवार को फिर से जोड़ने और अपनी बेटी से मिलने की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना दिया। विरोध प्रदर्शन के बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा और परिवार को बचाने की गुहार लगाई। पूजा का कहना है कि वह अपने पति और बेटी के साथ रहना चाहती हैं।
पति ने अदालत में दाखिल की तलाक की अर्जी
पूजा के अनुसार, उनके पति ने अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सितंबर से उन्हें आर्थिक मदद देना भी बंद कर दिया गया है। पूजा ने यह भी कहा कि उन पर दस्तावेज लेने और गलत आचरण के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उन्हें गहरी तकलीफ पहुंची है।
पूजा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय में काफी देर तक विरोध दर्ज कराने के बाद उनकी डीजीपी से मुलाकात हो सकी। हालांकि, उनके आरोप के मुताबिक, इस दौरान अधिकारी उनके पति का पक्ष लेते नजर आए। पूजा तलाक की अर्जी दाखिल करने का स्पष्ट कारण जानना चाहती हैं। साथ ही, वह अपने पारिवारिक जीवन को दोबारा शुरू करने की कोशिश कर रही हैं।
पढ़ें: परिवार के सात बच्चे चले गए, अब क्या मांगें?: नाव हादसे में अपनों को खोने वाले पिता का छलका दर्द, बिलखते रहे
बेटी से अलग करने का लगाया आरोप
पूजा ने बताया कि पटना आने के बाद से पिछले करीब डेढ़ महीने से उनकी बेटी से बातचीत नहीं हुई है। उनके अनुसार, खगड़िया में रहने के दौरान बच्ची को मॉल ले जाने के बहाने उनसे अलग कर दिया गया था। अब उन्हें अपनी ही बेटी से बातचीत करने के लिए अदालत से कस्टडी मांगने को कहा जा रहा है।
पूजा का कहना है कि बेटी पर जितना अधिकार उनके पति का है, उतना ही उनका भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह का आर्थिक लाभ नहीं चाहिए, बल्कि वह अपने परिवार और बेटी के साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने अपने पति पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह अपने अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी।