बेगूसराय में बेलगाम अपराधियों ने 18 घंटों में दो व्यवसाईयों को मारी गोली, स्वर्ण व्यवसाई की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। लगभग 18 घंटों के अंदर बेगूसराय में अपराधियों ने दो अलग-अलग व्यवसाईयों पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है जिसमें स्वर्ण व्यवसाई की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना नगर थाना क्षेत्र के मुंगेरीगंज स्थित सोनरपट्टी की है जो नगर थाना से महज 200 मीटर की परिधि में है। बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े जय माता दी स्वर्ण व्यवसाई के मालिक रवि रोशन उर्फ रेड्डू को दुकान के सामने गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ही बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी दुकान पर आए और दुकानदार को दूकान के बाहर बुलाया। दुकानदार के बाहर निकते ही उसे दनादन तीन गोली मार दी। गोली चलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में आस-पास के दुकानदारों ने रवि रोशन को निजी अस्पताल ले गये जहां इलाज के दौरान रवि रोशन उर्फ रेड्डू की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना फुलवरिया थाना क्षेत्र के बगराहा डीह की है जहां बीती देर रात अपराधियों ने एक आलू गद्दी व्यवसाई को गोली मारकर घायल कर दिया था। फिलहाल उसका इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अब लगभग 18 घंटे के अंदर दो बड़ी वारदात की वजह से बेगूसराय पुलिस फिर से सवालों के घेरे में है। लोग सीधी तौर पर आरोप लगा रहे हैं कि अपराधियों के दिल-दिमाग से अब बेगूसराय पुलिस का खौफ बिल्कुल खत्म हो गया है।
बंद रहेगी दुकानें
घटनास्थल पर मौजूद डिप्टी मेयर अनीता देवी ने कहा कि 24 घंटे के अंदर अपराधी को पुलिस गिरफ्तार करे नहीं तो सभी स्वर्ण व्यवसायी सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को विवश होंगे। आक्रोशित व्यवसाईयों ने मंगलवार को बेगूसराय बाजार बंद का आह्वान किया है।
पुलिस बता रही आपसी रंजिश
वहीं इस मामले में डीएसपी सदर अमित कुमार का कहना है कि इस हत्या का कारण आपसी रंजिश है। फिलहाल पुलिस सारे बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।