बीएसएससी पेपर लीक मामले में आयोग के चेयरमैन आईएएस सुधीर कुमार की गिरफ्तारी के बाद बिहार में आईएएस एसोसिएशन आर-पार की लड़ाई के मूड में है। बैठक के बाद एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि वे बिहार कर्मचारी चयन आयोग के किसी भी पद को ग्रहण नहीं करेंगे। एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया है कि उसका कोई भी सदस्य बीएसएससी के चेयरमैन, बीएसइसी के कंट्रोलर और टेक्निकल सर्विसेज रेकरूटमेंट बोर्ड के चेयरमैन का पद स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं वो काला बिल्ला लगाकर विरोध करेंगे। एसोसिएशन ने यह भी फैसला लिया है कि किसी भी उच्च अधिकारी, यहां तक कि सीएम ऑफिस का कोई भी मौखिक आदेश स्वीकार नहीं किया जाएगा। लिखित आदेश होने पर ही उसका पालन किया जाएगा।
बिहार कर्मचारी चयन आयोग समेत अन्य संस्थानों की परीक्षाओं पर संकट
एसोसिएशन के इस एलान से बिहार कर्मचारी चयन आयोग समेत अन्य संस्थानों की परीक्षाओं पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। बीते दिनों बिहार पुलिस सेवा आयोग में भी परीक्षा पत्र लीक होने समेत एडमिट कार्ड जारी करने को लेकर विवाद सामने आया था। मामला कोर्ट तक जा पहुंचा था। इससे पहले भी बीपीएससी परीक्षा से सम्बंधित कई मामले कोर्ट में जा चुके हैं। एसोसिएशन ने यह भी कहा है कि बिहार में आईएएस अधिकारी अपनी ड्यूटी को पूरा करने में असुरक्षित महसूस करते हैं। किसी तरह के निर्णय लेने में भी डरते हैं।
इससे पूर्व रविवार को एसोसिएशन की आपात बैठक बुलायी गयी थी, जिसमें सभी विभागों के प्रधान सचिव, सचिव समेत अन्य सभी पदों पर तैनात अधिकारियों के अलावा सभी जिलों के डीएम, कमिश्नर समेत अन्य सभी अधिकारी इस बैठक में शामिल हुए।