आमंत्रण पत्र अब सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहा है
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के आरा में जिला प्रसाशन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जदयू एमलसी (JDU MLC) राधा चरण साह का नाम लिखा आमंत्रण पत्र सामने आया है। आय से अधिक संपति और टैक्स चोरी मामले में हाल के दिनों में ईडी ने राधा चरण साह और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। फिलहाल वह पटना के बेउर जेल में बंद हैं, उसके बावजूद जिला प्रसाशन द्वारा बनाए गए आमंत्रण पत्र में जदयू एमलसी का नाम लिखा जाना आम लोगो के बीच चर्चा का विषय के साथ हास्यास्पद बना हुआ है।
दिव्यांगो के बीच ट्राई साइकिल के वितरण का है कार्यक्रम
24 सितंबर को भोजपुर जिला प्रसाशन के द्वारा दिव्यांगो के बीच बड़े स्तर पर बैट्री संचालित ट्राई साइकिल का वितरण होना है, जिसमें केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री सह आरा सांसद आर के सिंह, मेयर इंदु देवी, विधान परिषद अवधेश नारायण सिंह और जीवन कुमार के अलावे सातों विधानसभा के विधायकों का नाम आमंत्रण पत्र पर दर्ज हैं। इस कड़ी में विधान परिषद सदस्य राधा चरण साह का नाम भी लिखा गया है। इस नाम को लेकर लोग अब चर्चा कर रहे हैं।
प्रशासन के लापरवाही की हो रही चर्चा
आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी बात शेयर करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर जदयू एमलसी राधा चरण साह के नाम को इंगित कर एक दूसरे से सवाल कर रहे है कि जेल में बंद राधा चरण साह कार्यक्रम में शामिल कैसे होंगे। स्थिति यह है कि आम लोगो के बीच जिला प्रसाशन का आमंत्रण पत्र हास्यास्पद बना हुआ है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रोटिकोल है क्यों कि जेल में बंद राधा चरण साह के ऊपर लगे कोई भी आरोप साबित नही हुए हैं और वर्तमान में वह आरा-बक्सर के एमलसी हैं। बहरहाल जो भी हो लेकिन लोग इस बात को लेकर प्रशासन की इस गलती पर मजा ले रहे हैं।