बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि गयाजी में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही गया में बड़े पैमाने पर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है, जिससे राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
'अब हालात पूरी तरह बदल चुके'
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ गया और औरंगाबाद पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने गया के टनकुप्पा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले गयाजी में नक्सलियों का भय और खराब सड़कों के कारण लोग आने से डरते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब पटना से गया की दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय की जा रही है और लोग रात में भी सुरक्षित आवागमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गया क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती को बढ़ावा मिला है और किसानों को लाभ हो रहा है। साथ ही यहां सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना कर आधुनिक तकनीक को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
'राज्य में लगभग 24 घंटे बिजली आपूर्ति'
उपमुख्यमंत्री ने राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन अब सड़कों का नेटवर्क 6 हजार किलोमीटर से बढ़कर करीब 1.40 लाख किलोमीटर हो गया है। बिजली उपभोक्ताओं की संख्या भी 17 लाख से बढ़कर 2.16 करोड़ हो गई है और राज्य में लगभग 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
'पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार'
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर भी सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण के साथ ही स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य से पलायन रोकने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में 50 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है और अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये भी पढ़ें:
अवैध संबंध के विरोध का खौफनाक अंत, विवाहिता की गला दबाकर हत्या, आरोपी पति और ससुराल के लोग फरार
सड़क निर्माण पर 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च
वहीं औरंगाबाद के बारुण स्थित मुंशी बिगहा में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र कभी नक्सल प्रभावित था, वहां अब पूरी तरह शांति स्थापित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बनारस से रांची तक नई फोरलेन सड़क का निर्माण औरंगाबाद से होकर किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। राज्य में तेजी से निवेश बढ़ रहा है और सड़क निर्माण पर 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण भी किया जा रहा है।