इंसाफ मांगने पर ऐसे पीटते हैं बिहार के थानेदार
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में पुलिस की कार्यशाली पर हमेशा से सवाल उठता रहा है। एक बार फिर से बिहार के एक थानेदार की लापरवाही और उसका क्रूरतम चेहरा सामने आया है जिसमें एक नाबालिग आदिवासी लड़की से दुष्कर्म किए जाने का रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का विरोध करने पर थानेदार ने पूर्व मुखिया की जमकर पिटाई कर दी। अब मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ने थानाध्यक्ष समेत दो को निलंबित कर दिया है।
थानेदार ने पूर्व मुखिया की जमकर की पिटाई
मामला भागलपुर जिला के बाखरपुर ओपी क्षेत्र के एक गांव की है जहां चार बदमाशों ने एक नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस संबंध में बाखरपुर के पूर्व मुखिया सौरभ कुमार तिवारी का कहना है कि पीड़ित परिवार उनके पास शिकायत लेकर आया तो सौरव कुमार ने उनलोगों को बाखरपुर एसएचओ के पास जाने को कहा। इस पर पीड़ित परिवार ने कहा कि वहां पर मेरी कोई नहीं सुन रहा है। वहां जाने पर पुलिसवालों ने हमसब को थाने पर से भगा दिया। सौरव कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर मैंने सभी वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी जिस कारण मुझे गिरफ्तार कर मेरे साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मेरी जमकर पिटाई की और साथ ही साथ मुझे झूठे केस में फंसा कर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही भागलपुर एसपी ने बाखरपुर ओपी प्रभारी गौरव कुमार तथा पीटीसी संजय कुमार को एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशिक्षु अधिकारी अपराजित लोहान की जांच में दोनों की लापरवाही सामने आई है। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि बाखरपुर ओपी क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म हुआ है जिसकी जानकारी इन दोनों ने वरीय पुलिस अधिकारी को नहीं दी। साथ ही इनपर जांच में ढिलाई बरतने का भी आरोप लगा है।
आरोपी गिरफ्तार
कहलगांव डीएसपी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे कहलगांव डीएसपी को नबालिग लड़की से दुष्कर्म का वीडियो प्राप्त हुआ। इसके बाद कहलगांव डीएसपी व प्रशिक्षु अधिकारी अपराजित लोहान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। शनिवार की रात नौ बजे तक वीडियो का सत्यापन कर पीड़िता की पहचान की गई। फिर चारों आरोपियों की भी पहचान की गई। रविवार सुबह 11 बजे दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक नाबालिग है। पकड़े गए आरोपी के पास से मोबाइल व दुष्कर्म पीड़िता के कपड़े भी बरामद किए गए हैं।