पटना में एक बार फिर शेल्टर होम से लड़कियों के गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पटना के आशा किरण शेल्टर होम से चार लड़कियां गायब हो गई हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस सकते में आ गई है। फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
वहीं इस मामले में पटना के एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि चारों लड़कियों को ढूंढने की कोशिश जारी है जल्दी की उनका पता लगा लिया जाएगा।
बता दें कि यह घटना शनिवार देर रात की है। फरार हुईं चारों लड़कियां नाबालिग हैं। सभी लड़कियां खिड़की से दुपट्टा बांधकर फरार हो गई हैं। इस दौरान उनकी किसी को भनक तक नहीं लगी लेकिन जब सुबह देखा तो शेल्टर होम में हड़कम मच गया। पाटलिपुत्र थाने की पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस लड़कियों को ढूंढने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज का सहारा भी ले रही है।
थाना प्रभारी टीएन तिवारी ने बताया कि मामले में शेल्टर होम के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक लड़की की उम्र 12 साल है तो तीन 16 साल की हैं। पुलिस का कहना है कि अक्टूबर महीने में ही उन्हें आश्रय गृह लाया गया था।