फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: प्रदेश में जल्द शुरू होंगी पांच नई चीनी मिलें, सीएम सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ को दिखाई हरी झंडी

Tue, 17 Nov 2026 03:28 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बिहार में गन्ना किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ-2026 रवाना किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 10 चीनी मिलें चालू हैं और पांच नई मिलें जल्द शुरू होंगी।

विज्ञापन
सीएम सम्राट चौधरी ने दिखाई हरी झंडी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से गन्ना उद्योग विभाग की ओर से आयोजित ‘गन्ना विकास रथ-2026’ का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि और चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राज्य में 10 चीनी मिलें कार्यरत हो चुकी हैं, जबकि पांच और चीनी मिलें जल्द शुरू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह अभियान किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से राज्य में चीनी उद्योग को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

विज्ञापन


किसानों को मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी
गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान और मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए निशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी भी दी जाएगी।

AI चैटबॉट से जुड़ेंगे किसान
किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से किसान डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गन्ना विकास रथ-2026 किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा देगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह और गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें